2 अप्रैल हनुमान जयंती के मौके पर रिलीज हुए रामायण के टीजर में दर्शकों को पहली बार रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में देखने का मौका मिला. शानदार विज़ुअल्स ने कुछ लोगों को हैरान कर दिया, तो वहीं राक्षसों और असुरों के डिजाइन को लेकर कुछ लोगों ने आलोचना भी की. इन सब के बीच टीजर के कुछ सीन्स पर दावा किया गया कि ये AI का कमाल है.
दरअसल कई सोशल मीडिया पोस्ट में एक सीन में एक गड़बड़ी की ओर इशारा किया गया, जिसमें एक सपोर्टिंग एक्टर की पगड़ी का रंग शॉट के बीच में ही बदलता हुआ दिखा. इससे यह आरोप लगने लगे कि यह सीन असल में शूट नहीं किया गया था, बल्कि इसे जनरेटिव AI का इस्तेमाल करके बनाया गया था. अब, इस सीन में नजर आए एक्टर ने इस मामले पर सफाई देने के लिए एक बयान जारी किया है
क्या AI है पगड़ी वाला सीन?
रामायण के टीजर में एक शॉट में रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में अयोध्या की सड़कों पर चलते हुए दिखाया गया है, जहां लोग उनका फूलों से स्वागत करते हुए नजर आ रहे हैं. शॉट लो एंगल से बदलकर ओवर-द-शोल्डर व्यू में चला जाता है, और जैसे ही रणबीर आगे बढ़ते हैं, उनके बाईं ओर खड़े एक लड़के की पगड़ी का रंग नीले से बैंगनी होता हुआ दिखता है. यह छोटा सा वीडियो पूरे वीकेंड सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया गया, और कई लोगों ने दावा किया कि इससे यह साबित होता है कि टीज़र में AI का इस्तेमाल किया गया है.
रामायण के एक्टर ने दी सफाई
हालांकि, एक्टर साकेत पटेल ने अब एक वीडियो शेयर किया है. जिसमें उन्होंने दावा किया है कि इस सीन में पगड़ी पहने हुए व्यक्ति वही हैं, और उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सीन लोकेशन पर ही शूट किया गया था, AI से नहीं बनाया गया था. इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए एक वीडियो मैसेज में साकेत ने कहा, 'मैं साकेत पटेल हूं. मैं एक एक्टर हूं, और मेरा यकीन कीजिए, मैं AI नहीं हूं'
इस सीन को नकली बताने वाले पोस्ट्स का जवाब देते हुए एक्टर ने आगे कहा, 'पता नहीं क्यों, लोगों को पूरा यकीन हो गया है कि मेरा कोई वजूद ही नहीं है. मैंने इस सीन की शूटिंग लगभग दो साल पहले असली भीड़ के साथ, असली सेट पर, असली रूप में और मेरे सामने असली रणबीर कपूर के साथ की थी.' वीडियो के आखिर में एक्टर ने कहा, 'मजे की बात यह है कि 2026 में, अगर कोई चीज़ बहुत ज्यादा अच्छी दिखती है, तो लोग उसे नकली कहने लगते हैं.'
हालांकि यहां गौर करने वाली बात ये है कि लोगों ने उस एक्टर के AI होने पर सवाल नहीं उठाये, लोगों ने ये कहा कि पगड़ी का रंग नीले से बैंगनी कैसे हो जा रहा है? वहीं एक्टर खुद को असली साबित कर रहे हैं.
कब रिलीज होगी फिल्म रामायण?
रामायण दो पार्ट में बनने वाली फिल्म है, जिसका बजट ₹4000 करोड़ है. यह अब तक बनी सबसे महंगी भारतीय फिल्म है, और दुनिया भर में बनी सबसे महंगी फिल्मों में से एक है. रणबीर के अलावा, इस फिल्म में यश रावण के किरदार में, साई पल्लवी सीता के किरदार में, सनी देओल भगवान हनुमान के किरदार में, और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नज़र आएंगे. इसका पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में रिलीज किया जाएगा.