आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर 2' अब सिर्फ कुछ ही दिनों में थिएटर्स में लगने वाली है. पार्ट 1 की सफलता के बाद, हर कोई इस नए पार्ट का इंतजार कर रहा था. 'धुरंधर 2' के साथ पहले यश की फिल्म 'टॉक्सिक' रिलीज होने वाली थी. इस क्लैश की चर्चा मार्केट में खूब थी, मगर मिडल ईस्ट में चल रही टेंशन के चलते 'टॉक्सिक' पोस्टपोन हो गई.
'धुरंधर 2' की रिलीज पर क्या बोले राकेश बेदी?
हालांकि 'धुरंधर 2' ने अपनी रिलीज डेट नहीं बदली. ये फिल्म 19 मार्च को ही थिएटर्स में आएगी. हाल ही में फिल्म के एक्टर राकेश बेदी ने 'धुरंधर: द रिवेंज' की रिलीज पर इंडिया टुडे/आजतक से बात की. उनसे जब पूछा गया कि 'टॉक्सिक' ने मिडल ईस्ट में हो रही जंग का कारण बताकर अपनी फिल्म को पोस्टपोन किया, तो उन्होंने इसपर कहा- टेंशन तो हमारे लिए भी है मिडल ईस्ट में, पर हम तो आ रहे हैं.
राकेश बेदी ने आगे अपने आइकॉनिक किरदार जमील जमाली पर भी बात की. उनके किरदार को लेकर पाकिस्तान में काफी बवाल हुआ. वहां के एक नेता नबील गबोल ने दावा किया कि 'धुरंधर' में जमील जमाली का किरदार उनपर बेस्ड है. पाकिस्तानी नेता अपने ऊपर बने इस किरदार से काफी नाराज थे. लेकिन राकेश बेदी ने साफ किया है कि उनका किरदार किसी एक इंसान पर बेस्ड नहीं था.
पाकिस्तानी नेता पर बेस्ड है राकेश बेदी का किरदार?
एक्टर ने PAK नेता नबील गबोल के दावे पर कहा, 'मैं उन्हें बिल्कुल भी नहीं दिखा रहा हूं. मुझे समझ नहीं आ रहा कि वो खुद को उस किरदार से क्यों जोड़ रहे हैं. मैंने बस रोल के लिए एक खास लुक बनाया था. अब अगर किसी को लगता है कि मेरा लुक उससे मिलता-जुलता है, तो मैं क्या कर सकता हूं? ये मेरी गलती थोड़ी है. शायद विग और स्टाइलिंग की वजह से उन्हें थोड़ी-बहुत समानता लग रही हो. ये उनकी अपनी सोच है. हम इसके बारे में कुछ कर भी नहीं सकते.'
'राइटर, डायरेक्टर और बनाने वालों की बात करें तो हमने कभी भी नबील गबोल को खास तौर पर दिखाने की सोची ही नहीं थी. दरअसल मैंने कई पाकिस्तानी पॉलिटिशियन की आदतें, उनकी स्पीच, बॉडी लैंग्वेज और जो चीजें रोल में सूट करती थीं—उन सबको मिलाकर किरदार बनाया था. उसके बाद मैंने अपना किरदार तैयार किया. तो अगर सिर्फ नबील गबोल को लग रहा है कि ये किरदार उनका है, या वो इसे ऐसे देख रहे हैं, तो ये उनकी अपनी समस्या है. मैं क्या करूं, मैं तो कुछ मदद नहीं कर सकता.'
बात करें फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' की, तो इसमें रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन नजर आने वाले हैं. वहीं उम्मीद है कि अक्षय खन्ना की झलक भी फिल्म में नजर आएगी. साथ ही इसमें यामी गौतम का भी स्पेशल कैमियो होगा.