प्रियंका चोपड़ा आज के समय में एक ग्लोबल आइकॉन हैं. बॉलीवुड से अपने फिल्मी सफर की शुरुआत करने वाली प्रियंका ने हॉलीवुड इंडस्ट्री में बड़ा नाम कमाया है. उन्होंने किआनु रीव्स की फिल्म 'मैट्रिक्स 4' में काम किया. इसके अलावा जल्द ही वो अवेंजर्स फेम रूसो ब्रदर्स की वेब सीरीज 'सिटाडेल' में नजर आने वाली हैं. इस बीच प्रियंका ने बॉलीवुड में मुश्किलों दिनों को याद किया और बताया कि कैसे एक समय पर उन्हें इंडस्ट्री में दर-किनार कर दिया गया था.
क्यों प्रियंका ने छोड़ी इंडस्ट्री?
प्रियंका चोपड़ा ने हॉलीवुड एक्टर डैक्स शेपर्ड (Dax Shepard) की पॉडकास्ट आर्मचेयर एक्सपर्ट में शिरकत की. इस दौरान उन्होंने बताया कि बॉलीवुड में अपने साथ कैसा व्यवहार होता था और उन्होंने क्यों बॉलीवुड को अलविदा कहा था. प्रियंका कहती हैं, 'मुझे इंडस्ट्री के एक कोने में समेटा जा रहा था. लोग मुझे कास्ट नहीं करते थे. लोगों की मुझसे झड़प चल रही थी. मैं गेम खेलने में अच्छी नहीं हूं. मैं पॉलिटिक्स से तंग आ चुकी थी और मैंने कहा मुझे ब्रेक चाहिए.'
जब डायरेक्टर ने कही भद्दी बात
इससे पहले प्रियंका चोपड़ा अपनी किताब 'अनफिनिश्ड' में भी बॉलीवुड में काम करने और डायरेक्टर्स के अपने साथ व्यवहार पर बात की थी. उन्होंने अपनी किताब में बताया कि किसी फिल्म में वो एक सेंसुअस सीन शूट कर रही थीं. इस सीन के लिए प्रियंका को एक-एक करके अपने कपड़े उतारने थे. ये एक लम्बा गाना था, इसलिए प्रियंका ने डायरेक्टर से पूछा कि क्या उन्हें एक्स्ट्रा कपड़े पहन लेने चाहिए, ताकि जल्दी से उनकी स्किन ना दिखने लगे.
सलमान को करना पड़ा बीच-बचाव
प्रियंका के मुताबिक, 'डायरेक्टर ने मुझे मेरे स्टाइलिस्ट से बात करने को कहा. तो मैंने उसे कॉल किया और बताया कि आखिर क्या चल रहा है. इसके बाद मैंने डायरेक्टर को फोन दिया. मेरे सामने डायरेक्टर ने स्टाइलिस्ट से कहा, 'जो भी हो इनर गारमेंट दिखनी चाहिए. नहीं तो लोग पिक्चर क्यों देखने आएंगे.' डायरेक्टर की इस बात को सुनकर मुझे अच्छा नहीं लगा और मैंने वो फिल्म छोड़ दी.' किताब में आगे प्रियंका चोपड़ा ने बताया कि वो डायरेक्टर गुस्से में उनकी दूसरी फिल्म के सेट्स पर पहुंच गया था. यहां सलमान खान बीच-बचाव कर प्रियंका की मदद की थी.
डायरेक्टर बोला करवाओ ब्रेस्ट सर्जरी
प्रियंका चोपड़ा ने अपने करियर की शुरुआत को लेकर भी किताब में बात की है. उन्होंने बताया है कि जब वो अपने पहले डायरेक्टर से मिली थीं, तो उनसे उन्हें ब्रेस्ट सर्जरी करवाने के लिए कहा था. प्रियंका ने बताया, 'कुछ मिनटों की बातचीत के बाद उन्होंने मुझे खड़ी होकर घूमने को कहा था. उन्होंने मुझे देर तक घूरा और फिर कहा कि मुझे ब्रेस्ट सर्जरी करवानी चाहिए, मेरी जॉलाइन ठीक करवानी चाहिए और अपने बम को थोड़ा भारी करवा लेना चाहिए. उन्होंने कहा था कि अगर मुझे एक एक्ट्रेस बनना है तो अपनी 'जरूरी चीजों' को फिक्स करवाना होगा. उन्होंने कहा था कि वो अमेरिका में एक अच्छे डॉक्टर को जानते हैं, जिनके पास मुझे भेज सकते हैं. तब जो मेरे मैनेजर हुआ करते थे, उन्होंने इस बात को मान भी लिया था.'
प्रियंका को अपने स्किन कलर के चलते भी काफी बातें सुनाई जाती थीं. उन्होंने बताया था कि इंडस्ट्री में लोग उन्हें 'डस्की' और 'काली बिल्ली' कहा करते हैं. अपने लेटेस्ट इंटरव्यू में प्रियंका चोपड़ा ने कहा कि बॉलीवुड में परेशानियां झेलते हुए जब उन्हें अपने गाने 'इन माय सिटी' को बनाने का मौका मिला, तो वो सीधे हॉलीवुड निकल गई थीं. टीवी सीरीज 'क्वांटिको' से प्रियंका ने हॉलीवुड इंडस्ट्री में डेब्यू किया था. यहीं से उन्होंने इंडस्ट्री में पहचान बनाना शुरू किया और आज भी 'सिटाडेल' संग कई बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बन चुकी हैं.