गोविंदा इन दिनों क्यों फिल्मों में नहीं नजर आ रहे, ये सवाल का जवाब उनके सभी फैंस जानना चाहते हैं. एक्टर का अगला प्रोजेक्ट कौनसा होने वाला है, ये कोई नहीं जानता. कुछ वक्त पहले उन्हें 'भागम भाग 2' से बाहर किए जाने की खबर सामने आई थी. ये उनकी हिट फिल्म का सीक्वल है, जिसे साल 2006 में प्रियदर्शन ने बनाया था.
जब गोविंदा ने किया 'भागम भाग' में काम
फिल्म 'भागम भाग' गोविंदा की सबसे यादगार फिल्मों में से एक है. इसमें उनकी कॉमिक टाइमिंग और अक्षय-परेश रावल संग जुगलबंदी हर किसी को पसंद आई थी. हाल ही में डायरेक्टर प्रियदर्शन ने भी गोविंदा संग 'भागम भाग' में काम करने का एक्सपीरियंस साझा किया. मैशेबल इंडिया से डायरेक्टर ने कहा कि गोविंदा को वक्त पर सेट पर लाना उनकी सबसे बड़ी अचीवमेंट थी.
प्रियदर्शन ने कहा, 'मुझे पद्म श्री अवॉर्ड मिला, तो एक इंटरव्यू में मुझसे पूछा गया कि क्या ये आपकी सबसे बड़ी कामयाबी है? तो मैंने कहा, नहीं! मेरी सबसे बड़ी कामयाबी तो ये है कि मैंने गोविंदा और सलमान खान को सुबह 5 बजे सेट पर बुलाया और फिल्म टाइम पर पूरी कर ली. गोविंदा के टाइम पर आने को लेकर मेरे मन में शुरू में बहुत डर था. मैंने गोविंदा से कहा था कि सुनिए, मैंने आपके बारे में बहुत कुछ सुना है कि आप लेट आते हो. अगर आप टाइम पर नहीं आ सकते, तो फिल्म मत करो. लेकिन सच बताऊं, तो हर रोज सेट पर टाइम से पहुंचते थे. मुझे उनके साथ काम करके बहुत मजा आया.'
प्रियदर्शन ने गोविंदा को टोका
प्रियदर्शन ने इस दौरान ये भी बताया कि गोविंदा सेट पर कई चीजें इंप्रोवाइज किया करते थे. कई सीन्स में वो खुद अलग से डायलॉग बोलने लगते थे. मगर डायरेक्टर को वो चीज पसंद नहीं थी. उन्होंने कहा, 'गोविंदा सीन्स में अपनी लाइन खुद से डाला करते थे. तो मुझे उन्हें बोलना पड़ा कि मैं पहले ही नीरज वोहरा को डायलॉग लिखने के लिए पैसे दे रहा हूं. मुझे दूसरा राइटर नहीं चाहिए.'
बात करें प्रियदर्शन के वर्क फ्रंट की, तो वो इन दिनों अक्षय कुमार के साथ फिल्म 'भूत बंगला' लाने को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं. ये फिल्म 10 अप्रैल को रिलीज होनी है, जिसका हाल ही में टीजर भी आया है.