शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी की 'ओ रोमियो' की कहानी बहुत दिलचस्प होती जा रही है. फिल्म के ट्रेलर और गानों को सॉलिड रिस्पॉन्स मिला, लेकिन रिव्यूज थोड़े मिले-जुले रहे. आम दर्शक फिल्म से इंप्रेस नजर आए, मगर शुरुआत उम्मीद से स्लो मिली. फिर बॉक्स ऑफिस जंप अच्छा मिला, मगर इंडिया-पाकिस्तान के क्रिकेट मैच ने रफ्तार स्लो कर दी. पहले वीकेंड में 'ओ रोमियो' थोड़ी स्लो दिखी, इसलिए बहुत लोगों ने जल्दी में इसके गायब होने की बातें शुरू कर दीं. लेकिन हफ्ते के बीच में थिएटर्स में भीड़ जुटाने वाली 'ओ रोमियो' एक हफ्ते बाद भी थिएटर्स में दमदार तरीके से आगे बढ़ रही है.
नौवें दिन 'ओ रोमियो' का जंप
शाहिद की फिल्म ने पहला हफ्ता बॉक्स ऑफिस पर हाफ सेंचुरी के साथ पूरा किया था. 7 दिन में कलेक्शन 52 करोड़ से ज्यादा हो गया था. थिएटर्स में अपने दूसरे शुक्रवार को शाहिद की फिल्म ने गुरुवार से थोड़ा सा ज्यादा कलेक्शन किया और 3.25 करोड़ की कमाई लेकर आई. वीकेंड में फिर से इस फिल्म के दर्शक बढ़ने लगे और अब अनुमान है कि शनिवार को 'ओ रोमियो' ने बड़ा जंप लिया है. कलेक्शन का शुरुआती अनुमान कहता है कि शाहिद की फिल्म शनिवार को 5 करोड़ रुपये के बहुत करीब पहुंची है.
सॉलिड अंदाज में आगे बढ़ रही शाहिद की फिल्म
मेकर्स के ऑफिशियल डेटा में 9 दिन का कलेक्शन 60 करोड़ के बहुत करीब नजर आएगा. संडे को 'ओ रोमियो' की कमाई फिर से थोड़ी बढ़नी थी, मगर टी 20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में इंडिया-साउथ अफ्रीका का मैच इसकी मुश्किल बढ़ाएगा. दोपहर बाद से थिएटर्स में दर्शक घटने लगेंगे. 'ओ रोमियो' को इस बात का भी अच्छा-खासा नुकसान हो रहा है कि ये क्रिकेट वर्ल्ड कप के बीच रिलीज हुई है. हालांकि फिर भी विशाल भारद्वाज की फिल्म उम्मीद से बेहतर दर्शक जुटा रही है.
'ओ रोमियो' के लिए मेकर्स ने रिलीज से पहले ही राइट्स की डील से अच्छी कमाई कर ली होगी. ऐसे में बॉक्स ऑफिस कलेक्शन फिल्म को मेकर्स के लिए फायदे का सौदा बना देगा. लॉकडाउन के बाद कई चर्चित फिल्में इसी तरह से फायदेमंद साबित हुई हैं. 'ओ रोमियो' के सामने ईद तक कोई बड़ी फिल्म नहीं आने वाली, इसलिए इसके पास अभी अकेले टिके रहने के लिए अच्छे-खासे दिन हैं. बॉक्स ऑफिस ट्रेंड देखते हुए अनुमान लगाया जा सकता है कि 'ओ रोमियो' 85 करोड़ के आसपास लाइफटाइम कलेक्शन कर लेगी.