बॉलीवुड के 'ग्रीक गॉड' ऋतिक रोशन और उनकी पूर्व पत्नी सुजैन खान के लिए यह शनिवार बेहद खास रहा. उनके बड़े बेटे रेहान रोशन अब 20 साल के हो गए हैं. इस खास मौके पर ऋतिक और सुजैन ने न केवल अपने बेटे पर प्यार लुटाया, बल्कि फैंस को अपनी पारिवारिक जिंदगी के उन सुनहरे पलों की भी झलक दिखाई, जो अब तक पर्दे के पीछे थे.
ऋतिक ने जहां एक पिता के तौर पर रेहान को जिंदगी के गंभीर और गहरे सबक सिखाए, वहीं सुजैन ने एक मां की ममता और गर्व को शब्दों में पिरोया. दोनों के पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और फैंस इस 'परफेक्ट फैमिली बॉन्डिंग' की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
ऋतिक ने किया पोस्ट
ऋतिक ने इंस्टाग्राम पर रेहान के लिए एक बेहद इमोशनल और प्रेरणादायक नोट लिखा. उन्होंने समझाया कि बड़ा होने का मतलब सिर्फ उम्र बढ़ना नहीं, बल्कि खुद को इतना मजबूत और समझदार बनाना है कि आपके अंदर का बच्चा हमेशा सुरक्षित महसूस करे. ऋतिक ने लिखा, 'मेरे प्यारे रे (रेहान), जैसे-जैसे तुम बड़े हो रहे हो, मैं तुम्हें याद दिलाना चाहता हूं कि परिपक्वता का असली मकसद एक ऐसी जिंदगी बनाना है जो इतनी स्थिर और जिम्मेदार हो कि तुम्हारे अंदर का बच्चा बिना किसी डर के हंस सके और आजादी से उड़ान भर सके.'
ऋतिक ने एक बहुत ही सुंदर रूपक (metaphor) का इस्तेमाल करते हुए रेहान से कहा कि जिंदगी की नाव को चलाने की जिम्मेदारी भले ही एक एडल्ट के तौर पर तुम्हारी हो, लेकिन उसका 'कप्तान' हमेशा तुम्हारे अंदर का वह मासूम बच्चा ही होना चाहिए. उन्होंने फेमस पंक्ति 'ओ कैप्टन, माय कैप्टन' का जिक्र करते हुए कहा कि मंजिल क्या होगी, यह अंदर की खुशी ही तय करती है.'
सिर्फ ये लाइफ लेसन नहीं, ऋतिक ने अपने बेटों के साथ की गई मस्ती के वीडियो भी शेयर किए. एक 360-डिग्री वीडियो में पूरी चौकड़ी स्विमिंग का लुत्फ उठाती दिखी, तो एक अन्य क्लिप में वे 'बॉयज नाइट आउट' का मजा लेते नजर आए. फैंस के लिए सबसे यादगार पल वह था जब ऋतिक और उनके बेटों ने फिल्म 'जिंदगी न मिलेगी दोबारा' (ZNMD) के सिग्नेचर डांस स्टेप्स को दोहराया. इन वीडियो ने यह साफ कर दिया कि ऋतिक अपने बच्चों के साथ सिर्फ एक पिता नहीं, बल्कि एक दोस्त की तरह रहते हैं.
वहीं दूसरी ओर सुजैन खान ने भी अपने 'पहले बेटे' के लिए दिल छू लेने वाला वीडियो मोंटाज शेयर किया. सुजैन ने लिखा कि रेहान उनकी जिंदगी का सबसे बड़ा आशीर्वाद है. उन्होंने बेहद गर्व के साथ कहा, 'तुम जिस तरह के इंसान बनकर उभरे हो, उसे देखकर मेरा सिर फख्र से ऊंचा हो जाता है. तुम्हारी और रिदान की मां होना दुनिया की सबसे बड़ी खुशी है.' सुज़ैन ने रेहान को 'सनशाइन' (सूरज की किरण) बताते हुए उनके 20वें साल में कदम रखने का शानदार स्वागत किया.v