रणबीर कपूर और यश की फिल्म रामायण के टीजर रिलीज के बाद सोशल मीडिया पर वीएफएक्स को लेकर बहस तेज हो गई है. कुछ लोगों ने फिल्म के बड़े पैमाने और विजन की तारीफ की, लेकिन कई लोगों ने इसके VFX को कमजोर बताते हुए आलोचना भी की. इसी बीच ऋतिक रोशन ने इस मुद्दे पर राय रखी और लोगों से समझदारी के साथ चर्चा करने की अपील की.
खराब VFX होता है- ऋतिक ने मानी बात
ऋतिक रोशन ने इंस्टाग्राम पर एक लंबा नोट शेयर किया. साथ ही कमेंट सेक्शन में भी खुलकर कहा कि- खराब VFX होता है और जब आप किसी प्रोजेक्ट से जुड़े होते हैं, तो ऐसी कमियां निराश करती हैं. लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि बड़े और अलग तरह की फिल्में बनाने की कोशिश करने वाले फिल्ममेकर्स की मेहनत और इरादे को समझना जरूरी है.
उन्होंने अपने बचपन का किस्सा भी शेयर किया कि कैसे 11 साल की उम्र में बैक टू द फ्यूचर देखकर उनका वीएफएक्स में इंटरेस्ट बढ़ा और सिनेमा के लिए प्यार पैदा हुआ.
ऋतिक ने कल्कि 2898 एडी, बाहूबली और रामायण जैसी फिल्मों की तारीफ की, जो बड़े स्तर पर नई चीजें दिखाने की कोशिश कर रही हैं. उन्होंने अपने पिता राकेश रोशन को भी क्रेडिट दिया, जिन्होंने कोई मिल गया और कृष जैसी VFX आधारित फिल्में बनाई थीं.
हर VFX रियल नहीं होता
ऋतिक ने समझाया कि हर फिल्म का VFX एक जैसा नहीं होता. कुछ फिल्में बिल्कुल असली दिखने की कोशिश करती हैं, जबकि कुछ जानबूझकर अलग, स्टाइलिश और कहानी जैसी दुनिया दिखाती हैं. उन्होंने 300 और द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स का उदाहरण दिया, जहां VFX का अलग स्टाइल अपनाया गया था.
उनका कहना है कि अगर कोई चीज रियल नहीं लगती, तो उसे तुरंत 'खराब वीएफएक्स' कहना सही नहीं है, पहले यह समझना चाहिए कि फिल्म का मकसद क्या है.
ऋतिक की अपील- आलोचना करें लेकिन समझदारी से
ऋतिक ने साफ कहा कि वो आलोचना के खिलाफ नहीं हैं. लेकिन दर्शकों को यह देखना चाहिए कि VFX कहानी के हिसाब से सही लग रहा है या नहीं, और क्या वो इमोशन पैदा कर पा रहा है. उन्होंने लोगों से ज्यादा समझदारी के साथ आलोचना करने की अपील की.
अपनी फिल्म वॉर 2 को लेकर आई आलोचना पर भी ऋतिक ने बात की. उन्होंने माना कि फिल्म में कुछ दिक्कतें थीं, जैसे फिजिक्स और ग्रैविटी से जुड़ी गलतियां और कम समय मिलना. लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि वॉर ने एक्शन और VFX के मामले में पहले ही बड़ा स्तर सेट कर दिया था.
‘रामायण’ को लेकर अभी भी उम्मीद
रामायण फिल्म में रणबीर कपूर, यश, साई पल्लवी, रवि दुबे और सनी देओल नजर आएंगे. यह फिल्म दो हिस्सों में आएगी- पहला इस दिवाली और दूसरा 2027 में.
हालांकि टीजर को ज्यादा अच्छा रिस्पॉन्स नहीं मिला, लेकिन फिल्म रिलीज में अभी समय है और मेकर्स VFX को और बेहतर कर सकते हैं. आलोचना के बावजूद रामायण इस साल की सबसे ज्यादा चर्चित फिल्मों में से एक बनी हुई है.