आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' में वो सब था जो सिनेमा में होना चाहिए. जबरदस्त एक्शन, दमदार स्क्रीनप्ले, जानदार एक्टिंग और मजेदार गाने. इन सभी के मिश्रण से उन्होंने एक दमदार फिल्म बॉक्स ऑफिस पर डिलिवर की जो अब बॉक्स ऑफिस पर राज कर रही है. 'धुरंधर द रिवेंज' रिलीज के महज 10 दिनों में 1200 करोड़ पार हो गई है. ये अपने आप में एक अनूठा रिकॉर्ड है.
'धुरंधर 2' को जो भी देखकर थिएटर से बाहर निकला है, उसमें से अधिकतर ने इसकी तारीफ की है. फिल्म में शाश्वत सचदेवा ने एक बार फिर अपने गानों से जान फूंक दी है. फिर चाहे वो गाना नया हो या पुराना, हर गाने को पसंद किया जा रहा है. 80 के दशक में त्रिदेवी फिल्म से आया 'ओए ओए...तिरछी टोपी वाले' गाने को भी खूब सुना जा रहा है.
पुराने गाने को फिर मिली पहचान से खुश सिंगर
इस गाने को ओरिजिनली सपना मुखर्जी ने गाया है, जो अब वापस से फेमस हो गई हैं. सिंगर को बेहद खुशी है कि आदित्य धर ने उनकी आवाज बिना किसी से रिप्लेस किए, उनके गाने को वापस जिंदा किया है. न्यूज एजेंसी PTI को दिए इंटरव्यू में सपना का कहना है, 'आदित्य धर को पूरा क्रेडिट मिलना चाहिए. वो इस गाने को सम्मान के साथ वापस लाए और फिल्म में इसे एक सही और खास जगह दी. आज मेरी आवाज को रिप्लेस नहीं किया गया, बल्कि उसका सम्मान किया गया. एक कलाकार के लिए यही सबसे बड़ी बात होती है.'
'गाना तो दोबारा बनाया जा सकता है, लेकिन उसके दिल को कोई नहीं बदल सकता. ये एक्सपीरियंस बहुत जाना-पहचाना सा लगा, लेकिन साथ ही कुछ नया भी था. आवाज वही है, गाने की आत्मा भी वही है, बस अब इसका मतलब बदल गया है. पहले लोग इस गाने पर नाचते थे, आज वो इसे अलग तरीके से महसूस कर रहे हैं. इसकी खास बात उसकी ईमानदारी है… ये कभी किसी ट्रेंड के पीछे नहीं भागा, शायद इसी वजह से ये कभी पुराना नहीं लगता. और फिर अचानक ये धुरंधर 2 में अपनी जगह बना लेता है. ये सच में एक पूरा सर्कल होने जैसा लगा, जवानों से शुरू होकर अब सिनेमा की स्क्रीन तक पहुंच गया.'
बात करें फिल्म 'धुरंधर 2' में तिरछी टोपी वाले गाने की, तो ये क्लाइमैक्स के दौरान सुनाई देता है जब जमील जमाली का असली ट्विस्ट हमारे सामने आता है. जो गाना पहले डिस्को में बजता था, अब इसका मतलब धुरंधर फिल्म से पूरी तरह बदल चुका है.