बॉलीवुड में जहां फिल्मों की सफलता इस बात पर निर्भर मानी जाती है कि उसका प्रमोशन कितना शोर-शराबे वाला है, वहीं फिल्म 'धुरंधर 2' ने बिल्कुल अलग और चौंकाने वाला रास्ता चुना है. 19 मार्च को होने वाली अपनी बड़ी रिलीज से ठीक पहले, इस फिल्म की पूरी कास्ट और क्रू गायब हो गई है. इसके पीछे की वजह भी सामने आई है.
आमतौर पर रिलीज के आखिरी हफ्ते में एक्टर्स हर टीवी शो और मॉल में नजर आते हैं, लेकिन यहां डायरेक्टर आदित्य धर की रणनीति ने सबको हैरान कर दिया है. उन्होंने अपनी पूरी टीम के लिए 'अंडरग्राउंड' होने का फरमान जारी कर दिया है, ताकि फिल्म को लेकर जनता के बीच जो सस्पेंस है, वो किसी भी तरह से कम न हो.
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, डायरेक्टर आदित्य धर ने अपनी टीम को साफ निर्देश दिए हैं कि वे 'धुरंधर द रिवेंज' रिलीज होने तक लाइमलाइट से पूरी तरह दूरी बना लें. इसमें सिर्फ बड़े इवेंट्स ही नहीं, बल्कि इंटरव्यू और पब्लिक अपीयरेंस तक शामिल हैं. टीम इतनी डरी हुई या कहें कि अनुशासित है कि वे फिल्म से जुड़े सवालों के डर से सार्वजनिक जगहों पर जाने से बच रहे हैं. यह बॉलीवुड के पुराने ढर्रे से बिल्कुल उलट है, जहां मार्केटिंग पर करोड़ों खर्च किए जाते हैं.
एक्टर ने किया खुलासा
फिल्म से जुड़े एक जाने-माने एक्टर ने इस स्थिति पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि स्थिति इतनी गंभीर है कि कलाकार अब अपने निजी या पारिवारिक कार्यक्रमों तक में जाने से कतरा रहे हैं. उनके मुताबिक, 'हम अब शादी-ब्याह या मंदिर जाने तक से बच रहे हैं. बस घर में ही रहो, यही मंत्र है. हमें हिदायत है कि फिल्म को लेकर किसी भी अटपटे सवाल का सामना न करना पड़े. लोगों में इस सीक्वल को लेकर बहुत एक्साइटमेंट है और वे कुछ भी पूछ सकते हैं, इसलिए रिलीज तक मीडिया की नजरों से दूर रहना ही बेहतर है.'
दिलचस्प बात यह है कि पहली फिल्म 'धुरंधर' के समय माहौल बिल्कुल अलग था. तब डायरेक्टर को छोड़कर हर छोटे-बड़े कलाकार और टेक्नीशियन ने मीडिया के साथ जमकर बातचीत की थी. उस समय फिल्म के गानों में नजर आए डांसर्स तक को इतनी लोकप्रियता मिली कि उन्हें रियलिटी शोज और प्राइवेट इवेंट्स में परफॉर्म करने के लिए मोटी फीस दी जा रही थी. पहले पार्ट की सफलता ने सभी को लाइमलाइट में रहने का भरपूर मौका दिया था, लेकिन सीक्वल के लिए नियम पूरी तरह बदल चुके हैं.
गौरतलब है कि इससे पहले, राकेश बेदी और नवीन कौशिक जैसे एक्टर्स इंटरव्यू दे रहे थे, लेकिन अब उन्होंने भी खुद को पीछे हटा लिया है. इसके अलावा अक्षय खन्ना वैसे भी आमतौर पर अपनी पर्सनल लाइफ को प्राइवेट रखते हैं, लेकिन संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन, जो पहले काफी एक्टिव थे, अब वे भी दूरी बनाए हुए हैं. दानिश पंडोर, जो पहले इंटरव्यू में नजर आते थे, फिल्म की रिलीज़ करीब आने के साथ ही अब चुप हो गए हैं.