
आशा भोसले ने 92 साल की उम्र में अंतिम सांस ली. वो अपने बेटे आनंद भोसले और उनके परिवार के साथ रहती थीं. बहुत कम लोग जानते हैं कि आशा भोसले की जिंदगी काफी मुश्किलों से भरी रही- उन्होंने घरेलू हिंसा, दो शादियां और आत्महत्या जैसे विचारों तक का सामना किया. वहीं उनकी इकलौती बेटी वर्षा भोसले ने भी खुदकुशी कर ली थी. ये वो दर्द था जो ताउम्र उनके साथ रहा. क्योंकि जिस दिन बेटी ने सुसाइड किया, आशा सिंगापुर के एक कॉन्सर्ट में परफॉर्म कर रही थीं.
कौन थीं उनकी बेटी वर्षा भोसले?
आशा भोसले और गणपतराव भोसले की बेटी वर्षा भोसले थीं. वर्षा खुद भी सिंगर थीं और वेब पोर्टल्स और मैगजीन में कॉलम लिखती थीं.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो डिप्रेशन से जूझ रही थीं और मुंबई के जसलोक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. उनकी शादी स्पोर्ट्स राइटर हेमंत केंकरे से हुई थी, लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया. इसके बाद वर्षा अपनी मां आशा भोसले के साथ रहने लगी थीं.
वर्षा भोसले ने क्यों उठाया ये कदम?
वर्षा की मौत की असली वजह आज तक पूरी तरह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन कई रिपोर्ट्स में इसे आत्महत्या बताया गया. बताया जाता है कि उनकी जिंदगी में कई बड़े झटके लगे थे- उनके करीबी दोस्त और फोटोग्राफर गौतम राजाध्यक्ष का निधन, पति से तलाक, इन घटनाओं ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया था.

पहले भी कर चुकी थीं कोशिश
साल 2008 में वर्षा ने नींद की गोलियां खाकर खुदकुशी की कोशिश की थी, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें बचा लिया. फिर 2012 में उन्होंने एक बिना लाइसेंस वाली बंदूक से खुद को गोली मार ली. उस समय आशा भोसले घर पर नहीं थीं. पुलिस के मुताबिक, जब दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला, तो ड्राइवर घर के अंदर गया और वहां वर्षा का शव मिला.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
वर्षा की मौत के बाद पूरा भोसले परिवार टूट गया था. पुलिस जांच के बाद भी यही सामने आया कि उन्होंने आत्महत्या की थी. परिवार के एक करीबी दोस्त ने बताया कि वर्षा की जिंदगी काफी मुश्किलों से भरी थी. उन पर अपनी मां जैसी बड़ी कलाकार की बेटी होने का दबाव भी था.
उन्होंने कहा- हम उनसे दूरी बनाकर रखते थे, क्योंकि हमें समझ नहीं आता था कि वो कैसे रिएक्ट करेंगी. सिर्फ आशा जी ही उन्हें संभाल पाती थीं. उनकी जिंदगी बहुत परेशानियों भरी थी.