अर्चना पूरण सिंह और परमीत सेठी का खुशियों से भरा घर अब और भी रौनकदार हो गया है. एक्ट्रेस ने एक और बहू का स्वागत किया है. बड़े बेटे आर्यमन सेठी की मंगेतर योगिता बिहानी के घर में शिफ्ट होने के कुछ महीनों बाद अब छोटे बेटे आयुष्मान सेठी की गर्लफ्रेंड समीक्षा शेट्टी ने भी सेठी परिवार के घर में एंट्री ले ली है. अर्चना की मानों पांचों उंगलियां घी में हैं.
आर्यमन के नए व्लॉग में इस खास पल की झलक देखने को मिली. वीडियो की शुरुआत होती है आर्यमन, योगिता, आयुष्मान और समीक्षा के साथ- जो समीक्षा के पुराने घर से उनका सामान लेने पहुंचे थे. सामान के बीच समीक्षा एक बड़ी कॉफी मशीन उठाए नजर आईं और मजाकिया अंदाज में कैमरे से बोलीं- ये दहेज है.
इस पर आर्यमन तुरंत हंस पड़े और बोले- पापा इस चीज से सबसे ज्यादा खुश होंगे, उन्हें इसकी बहुत जरूरत है.
फिल्मी अंदाज में हुई 'छोटी बहू' की एंट्री
असली मजा तब आया जब सभी लोग सेठी हाउस पहुंचे. घर पहुंचते ही आयुष्मान ने बिल्कुल फिल्मी स्टाइल में शर्माती हुई समीक्षा को अपनी बाहों में उठाया और घर के अंदर लेकर गए. बालकनी से ये नजारा देख रहीं अर्चना पूरण सिंह खुशी से ताली बजाने लगीं. वहीं योगिता और आर्यमन भी इस पल को देखकर काफी एक्साइटेड नजर आए.
आर्यमन ने मजाकिया अंदाज में कहा- मेरा छोटा भाई कितना खुश लग रहा है… उसे बहुत-बहुत बधाई.
पिता परमीत से लिया था इंस्पिरेशन
बाद में समीक्षा ने ये किस्सा परमीत सेठी को बताया. तब आयुष्मन ने खुलासा किया कि उन्हें ये आइडिया अपने पापा से मिला.
उन्होंने बताया कि जब परमीत और अर्चना की शादी हुई थी, तब परमीत ने अर्चना को गोद में उठाकर चार मंजिल सीढ़ियां चढ़ी थीं. उसी याद को दोहराने के लिए उन्होंने भी समीक्षा को उठाया, हालांकि वो सिर्फ पहली मंजिल तक ही जा पाए.
इस बात पर घर में खूब हंसी-मजाक हुआ. योगिता ने परमीत को छेड़ा तो परमीत हंसते हुए बोले- जवानी में इंसान ऐसी बेवकूफियां कर देता है. आज मैं ऐसा कभी नहीं करूंगा.
समीक्षा के लिए खाली की पूरी अलमारी
व्लॉग में आयुष्मान के नए रेनोवेट किए गए कमरे की भी झलक दिखाई गई. खास बात ये रही कि उन्होंने समीक्षा के लिए पूरी की पूरी अलमारी खाली कर दी है. इस पर आर्यमन ने मजाक उड़ाते हुए कहा कि उनके भाई ने एक कमरे के मेकओवर पर उतना खर्च कर दिया, जितना वो और योगिता पूरे घर की रेनोवेशन में लगा रहे हैं.
आर्यमन बोले- तूने मम्मी-पापा से डबल पैसे ले लिए अपने कमरे के लिए. इस पर आयुष्मान ने बड़ी सादगी से जवाब दिया- मैं सिर्फ 10 हजार रुपये कमा रहा था. ऐसे में माता-पिता ही बच्चों के लिए इतना कर सकते हैं.
शादी की तैयारी में जुटे आर्यमान-योगिता
आर्यमन ने ये भी बताया कि जिस घर को वो रेनोवेट कर रहे हैं, वो उन्हें उनके माता-पिता ने गिफ्ट किया है. हालांकि उसके रिनोवेशन का खर्च वो और योगिता खुद उठा रहे हैं.
बता दें कि योगिता पिछले साल सितंबर में ही सेठी परिवार के घर में शिफ्ट हो चुकी थीं और अब दोनों जल्द शादी की तैयारी में जुटे हुए हैं.