भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह की पर्सनल लाइफ हमेशा ही सुर्खियों में रही है. पत्नी ज्योति सिंह संग पवन के तलाक का केस अभी कोर्ट में चल रहा है. लेकिन इस बीच एक्ट्रेस महिमा सिंह उनकी नजदीकियों की खूब चर्चा होने लगी. वो हर जगह साथ दिखते हैं. अफवाह उड़ी कि पवन महिमा से सीक्रेट वेडिंग कर चुके हैं.
अब इन चर्चाओं पर बिना सिंगर-एक्टर ने साहित्य आजतक के मंच से खुलासा किया. पवन ने पहली बार सभी रूमर्स पर विराम लगाए. अपनी चुप्पी तोड़ते हुए उन्होंने सीधे तौर पर नाम या जिक्र ना करते हुए कहा कि अपना दिल और दिमाग साफ रखना चाहिए. वहीं बताया कि महिमा पवन के साथ इस फिल्म से डेब्यू कर रही हैं. उन्हें ना तो भोजपुरी ज्यादा आती है, ना ही उन्हें इंडस्ट्री के काम-काज का खास अंदाजा है.
महिमा से कराया इंट्रोड्यूस
गाते हुए पवन सिंह अचानक से रुक गए और सलाह देते हुए कहा कि- देखिए क्या है कलाकार, कलाकार ही होता है. आपने सिंगर से एक्टर बना दिया. तो एक एक्टर का काम क्या होता है. कभी हंसा दो, कभी रो दो, कभी रुला दो. कभी उसका बुरा नहीं मानना चाहिए. कभी किसी चीज को देखो, सुनो तो अपने दिमाग और दिल को साफ रखो. कोई चीज खराब नहीं होती है. क्योंकि अपने भाईयों का दर्द मैं बर्दाश्त नहीं कर सकता.
इसी के साथ पवन ने अपनी आने वाली फिल्म का जिक्र किया. और कहा कि- इसी लखनऊ से पवन सिंह ने एक फिल्म को शूट किया है, जिसका नाम है 'सच्चाई'. ये मेरे जीवन का भी बहुत बड़ा नाम है. तो हमारी फिल्म की हीरोइन महिमा सिंह भी हमारे सामने बैठी हैं.
महिमा को सरेआम किया तंग!
इसी के साथ पवन ने महिमा को स्टेज पर बुलाया, वहां आते ही महिमा ने झुक कर पवन के पैर छू लिए. ये देख पवन तुरंत पीछे हटे और बोले अरे... अरे... मैं आपका ससुर थोड़े हूं. मैं आपका हीरो हूं, गले लगिए.
इसके बाद पवन ने अपने प्लेफुल अंदाज में गाना गाते हुए कहा- देखिए, मैंने बहुत पहले एक गाना गाया था, (भोजपुरी में)- गर्मी के दिन में मर्द भी चिपकना छोड़ देता है. लेकिन सर्दी के दिन में मर्द खुद ही चिपक जाता है, हटा नहीं जाता है. ये गाते हुए वो महिमा को स्टेज पर ही सबके सामने बांहों में भर लेते हैं.
इसके बाद पवन ने स्टेज पर खड़ी महिमा से कहा- देखिए, मुस्कुराहट ही दुनिया की जान है. तो थोड़ा दांत दिखाकर हंस दीजिए. ये सुनते ही महिमा स्माइल कर देती हैं. तो पवन भी मजेदार तरीके से आगे लॉलीपॉप लागेलू गाना गाते हैं.
महिमा से कहा 'सॉरी'
पवन ने साथ ही अपनी आने वाली फिल्म सच्चाई पर बात की. हाथ जोड़ कर महिमा सिंह को फिर से स्टेज पर बुलाया. पवन ने बताया कि फिल्म की कहानी कुछ इस तरह है कि वो एक गरीब लड़के का किरदार निभा रहे हैं, वहीं महिमा एक अमीर घराने की बेटी हैं. लेकिन जब हीरो की सच्चाई महिमा देखती हैं तो अपने पिता से कहती हैं कि मैं उसकी ही दुल्हन बनूंगी.
गाने के दौरान महिमा पवन सिंह के साथ लगातार स्टेज पर खड़ी रहीं. गाना गाने के बाद पवन ने एक्ट्रेस संग रिश्ते पर बात करते हुए कहा कि- ये सच्चाई हमारी नहीं, फिल्म की कहानी है. राइटर की सच्चाई, कहानी की सच्चाई है. फिर महिमा से कहा कि- सॉरी आपको बुरा लगा हो तो. महिमा 'ना' में सिर हिला देती हैं.
आजतक के मंच के महिमा भी पहली बार जनता का संबोधन करती दिखीं. उन्होंने कहा कि वो शुक्रगुजार हैं कि उनकी शुरुआत पवन सिंह के साथ हो रही है. इससे ज्यादा वो और कुछ नहीं चाह सकती थीं.