तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. इस बीच एक्टर विजय की अगुवाई वाली पार्टी टीवीके को झटका लगा है. राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की उनकी पार्टी की कोशिश को झटका लगा है.
चुनाव अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को जांच के दौरान एडप्पाडी विधानसभा क्षेत्र के लिए पार्टी के मुख्य और डमी दोनों उम्मीदवारों के नामांकन पत्र खारिज कर दिए गए हैं.
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, TVK उम्मीदवार टी. अरुण कुमार द्वारा दाखिल किए गए कागजात को रिटर्निंग ऑफिसर (RO) ने सत्यापन प्रक्रिया के बाद अस्वीकार कर दिया.
रिटर्निंग ऑफिसर एस. नटराजन ने बताया कि दोनों आवेदन अधूरे होने के कारण खारिज किए गए. उन्होंने कहा कि हमें 10 प्रस्तावकों की जरूरत होती है. एक आवेदन में सात और दूसरे में आठ ही थे.
पलानीस्वामी का गढ़ माने जाने वाले एडप्पाडी से वे खुद चुनाव लड़ रहे हैं. टीवीके के मैदान से बाहर होने के बाद यहां मुकाबला अब प्रभावी रूप से एआईएडीएमके के दिग्गज नेता और डीएमके के कासी सी. के बीच सीधा हो गया है.
जांच के दौरान अन्य सीटों पर भी काफी नाटकीय घटनाएं देखने को मिले हैं. गोबिचेट्टिपालयम में टीवीके उम्मीदवार के. ए. सेनगोट्टैयन के नामांकन पर एआईएडीएमके एजेंटों की आपत्तियों के कारण कुछ समय के लिए रोक लगा दी गई थी. हालांकि बाद में उसे मंजूरी दे दी गई.
विल्लिवक्कम में टीवीके के एक अन्य उम्मीदवार आधारव अर्जुना से भी कुछ स्पष्टीकरण मांगे गए, जिसके बाद उनका नामांकन स्वीकार कर लिया गया. बता दें कि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को मतदान होगा, जबकि मतगणना 4 मई को होगी.