scorecardresearch
 

5 हजार दो, पेपर हो जाएगा सॉल्व... यूपी में ऐसे हो रही थी बोर्ड एग्जाम में नकल!

UP Board Exam 2026: उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा में नकल कराने वाले एक गिरोह का भंडोफोड़ हुआ है, जो 5 हजार रुपये लेकर पेपर सॉल्व करवाने का काम कर रहे थे.

Advertisement
X
यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से आयोजित की जा रही है. (Photo: PTI)
यूपी बोर्ड परीक्षा 18 फरवरी से आयोजित की जा रही है. (Photo: PTI)

उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (Uttar Pradesh Special Task Force) ने यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 में सामूहिक नकल कराने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए 06 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. कार्रवाई उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के दौरान की गई. मैनपुरी जनपद के थाना बेवर क्षेत्र स्थित श्री महाराज सिंह स्मारक इंटर कॉलेज, जोत के पास कीकर के जंगल से आरोपियों को पकड़ा गया. गिरफ्तार अभियुक्तों में विद्यालय प्रबंधक का पुत्र, अध्यापक और सॉल्वर शामिल हैं.  

एसटीएफ टीम ने दो लिखित इंटरमीडिएट गणित उत्तर पुस्तिकाएं, एक जीव विज्ञान का मूल प्रश्नपत्र, सीटिंग प्लान, अनुपस्थित परीक्षार्थियों का विवरण और 06 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पकड़े गए अभियुक्त हर पेपर के हिसाब से डील कर रहे थे और सॉल्वर्स की मदद से पेपर सॉल्व करवाते थे. 

कैसे करवाते थे नकल?

ये गिरोह सॉल्वर के जरिए नकल करवाते थे. पूछताछ में खुलासा हुआ है कि विद्यालय प्रशासन की मिलीभगत से सॉल्वरों की ओर से कॉपियां लिखवाई जा रही थीं. प्रति पेपर 5 हजार रुपये लेकर परीक्षा खत्म होने से पहले हल की गई कॉपियों को अन्य परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं में मिलाया जाता था. इस संबंध में थाना बेवर (मैनपुरी) की ओर से कार्रवाई की जा रही है. 

इससे पहले भी स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने गाजीपुर के भगेलू दास इंटर कॉलेज में छापेमारी कर बोर्ड परीक्षा में फर्जीवाड़े का खुलासा किया था. हाईस्कूल अंग्रेजी विषय की परीक्षा में वास्तविक परीक्षार्थी शुभम यादव की जगह सॉल्वर शिवम यादव को बैठाकर परीक्षा दिलाई जा रही थी. पूछताछ में सामने आया था कि शिवम यादव पिछले तीन दिनों से हिन्दी और सामाजिक विज्ञान सहित अन्य विषयों की परीक्षा भी दे चुका था. 

Advertisement

चल  रही हैं यूपी बोर्ड की परीक्षाएं

यूपी बोर्ड की कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 2026 में 18 फरवरी 2026 से शुरू होकर 12 मार्च 2026 तक आयोजित की जा रही हैं. यूपी बोर्ड की ओर से इस बार परीक्षा के लिए 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement