अगर रिज्यूमे ऐसा हो कि उसे पढ़कर लोग मुस्कुरा दें, तो कैसा लगेगा?
सोशल मीडिया पर सुशीला दीदी का एक अनोखा रिज्यूमे तेजी से वायरल हो रहा है. इसे अनमोल गर्ग ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है. पहली नजर में यह रिज्यूमे मजाक जैसा लगता है, लेकिन इसमें जानकारी को आसान और दिलचस्प तरीके से दर्शाया गया है. यही वजह है कि यह लोगों का ध्यान खींच रहा है और सोशल मीडिया पर इसकी खूब चर्चा हो रही है. नौकरी पाने के लिए लोग अपने रिज्यूमे पर कड़ी मेहनत करते हैं. कई बार रिज्यूमे आपके हायरिंग तो कई बार ये आपके रिजेक्शन का कारण बन जाती है लेकिन सुशीला दीदी के इस CV को आप चाहकर भी इग्नोर नहीं कर सकते हैं.
क्या है रिज्यूमे में?
उनके रिज्यूमे की शुरुआत एक ऐसी लाइन से होती है जो तुरंत उनकी भूमिका और व्यक्तित्व को दिखाती है. उन्होंने लिखा कि मैं वह सुरक्षित AI एजेंट हूं जो आपकी जिंदगी आसान बना देगी. यह कोई लंबा-चौड़ा परिचय नहीं है. इसमें कम शब्दों में साफ और आत्मविश्वास के साथ बताया गया है कि वह क्या काम कर सकती हैं. आज के समय में जब कई रिज्यूमे बेवजह लंबी जानकारी से भरे होते हैं, यह सरल और साफ अंदाज लोगों को अलग और बेहतर लगता है. इसके बाद वह अपने काम के तीन आसान नियम बताती हैं पहला साफ फर्श दूसरा साफ बर्तन और तीसरा साफ कपड़े. इन तीन बातों से ही साफ हो जाता है कि वह अपने काम को कैसे करती हैं और उनकी जिम्मेदारियां क्या हैं. बिना ज्यादा शब्दों के उन्होंने अपनी कार्यशैली अच्छी तरह समझा दी है.
1250 से अधिक परिवारों की चिंता की दूर
उनके रिज्यूमे में जो सबसे खास बात थी, वह ये थी कि उन्होंने लंबी-चौड़ी लिस्ट बनाने की बजाय रिजल्ट पर फोकस किया. जैसे उन्होंने लिखा कि आ नहीं आऊंगी की चिंता से करीब 1250 से अधिक परिवारों की परेशानी को दूर किया है. इससे लोगों का ध्यान सिर्फ उनके काम पर नहीं बल्कि उनके काम से मिलने वाले फायदे पर जाता है. यही बात इस रिज्यूमे को खास बनाती है.
पार्टी के बाद बच्चों को भी बचाया
रिज्यूमे में उन्होंने मजेदार अंदाज में लिखा है कि 500 से ज्यादा बैचलर बच्चों को पार्टी के बाद की परेशानी से बचाया. हालांकि, यह सुनने में भले ही मजाक लगे लेकिन इससे उनकी भरोसेमंद, जिम्मेदार और हर स्थिति को संभालने की क्षमता दिखती है. दरअसल, अच्छा रिज्यूमे सिर्फ यह नहीं बताता कि आपने क्या काम किया, बल्कि यह भी दिखाता है कि आपके काम से दूसरों को क्या फायदा हुआ. सुशीला दीदी का रिज्यूमे इसी वजह से लोगों का ध्यान खींच रहा है.
लोगों को दिलाया विश्वास
रिज्यूमे का उपलब्धियों वाला सेक्शन भी लोगों का ध्यान खींच रहा है. इसमें उन्होंने लिखा है कि मेरे करियर में कभी किसी ने नहीं कहा कि काम ठीक से नहीं हुआ. इसके अलावा उन्होंने खुद को 2978+ 5-स्टार रेटिंग वाली फेवरेट दीदी अवॉर्ड होल्डर भी बताया है. यह मजाकिया अंदाज में लिखा गया है, लेकिन इससे यह भी पता चलता है कि लोग उनके काम से खुश रहते हैं. यही वजह है कि उनका रिज्यूमे अलग और प्रभावशाली माना जा रहा है.
अपने बारे में भी दिया गया है इंट्रो
मजाक से भरपूर होने के बाद भी यह रिज्यूमे काफी सोच-समझकर बनाया गया है. इसमें साफ परिचय, काम के सिद्धांत, उपलब्धियां और अच्छे काम के सबूत दिए गए हैं. इसमें सुशीला दीदी ने खुद को मेहनती नहीं बताया है बल्कि अच्छे नतीजों और 5-स्टार रेटिंग के जरिए इसे साबित किया गया है.