FIITJEE की ओर से 2025 में कुछ केंद्रों पर ऑफलाइन कक्षाएं बंद होने से प्रभावित छात्रों और पैरेंट्स के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है. संस्थान ने उन छात्रों को फीस लौटाने का ऐलान कर दिया है जिन्हें ऑफलाइन कक्षाओं के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ा था. रिफंड प्रक्रिया जून 2026 के अंतिम सप्ताह से दिल्ली स्थित कॉर्पोरेट कार्यालय की ओर से शुरू की जाएगी. बाहरी कारणों और अफवाहों के चलते ऑफलाइन कक्षाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई थी, जिसके बाद संस्थान ने ऑनलाइन पढ़ाई जारी रखी. छात्रों को 15 जून 2026 तक रिफंड की सटीक राशि बताई जाएगी.
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि देश के प्रमुख आईआईटी-जेईई कोचिंग संस्थान FIITJEE ने 2025 में कुछ केंद्रों पर ऑफलाइन कक्षाएं बंद होने से प्रभावित छात्रों के अभिभावकों को आनुपातिक (प्रोपोर्शनल) फीस लौटाने की घोषणा की है. संस्थान के वरिष्ठ नेतृत्व की ओर से अभिभावकों को भेजे गए संदेश में कहा गया है कि बाहरी कारणों और भ्रामक खबरों के चलते ऐसी परिस्थितियां बनीं, जिसके कारण कुछ केंद्रों पर ऑफलाइन कक्षाएं अस्थायी रूप से रोकनी पड़ीं. केंद्रों की बिक्री से जुड़ी अफवाहों ने स्थिति को और जटिल बना दिया था. हालांकि, इन हालात के बीच पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए संस्थान ने तत्काल ऑनलाइन माध्यम अपनाया. FIITJEE eSchool के जरिए छात्रों को जेईई मेन, जेईई एडवांस, बोर्ड परीक्षाओं, ओलंपियाड, एनटीएसई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई गई.
संस्थान ने किया दावा
संस्थान का दावा है कि बड़ी संख्या में छात्रों ने ऑनलाइन कक्षाओं में भाग लिया और उनकी पढ़ाई निरंतर जारी रही. संस्थान के अनुसार, 15 जून 2026 तक सभी अभिभावकों को उनके रिफंड की राशि की सूचना दे दी जाएगी. 16 जून 2026 से एक विशेष ईमेल आईडी भी शुरू की जाएगी, जिसके माध्यम से अभिभावक रिफंड से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे.
नई प्लानिंग के साथ आगे बढ़ेंगे
आगे की रणनीति के तहत संस्थान नए सहयोगी मॉडल पर काम करेगा. इस मॉडल में उद्यमियों के साथ मिलकर केंद्र, वर्ल्ड स्कूल्स और ग्लोबल स्कूल्स संचालित किए जाएंगे. संस्थान के मुताबिक, पारंपरिक फ्रेंचाइज शुल्क की जगह एक तय स्थापना शुल्क और वार्षिक लाइसेंस शुल्क का प्रावधान होगा ताकि शैक्षणिक गुणवत्ता और प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके. संस्थान ने स्पष्ट किया है कि “2.0” चरण के तहत उसका लक्ष्य पहले से बेहतर और अधिक स्थिर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि प्रत्येक छात्र की क्षमता को प्रभावी ढंग से विकसित किया जा सके.
जून में शुरू होगी प्रक्रिया
इस दौरान FIITJEE ने बयान जारी करते हुए कहा कि 2025 में प्रभावित स्टूडेंट्स की आनुपातिक (प्रोपोर्शनल) फीस वापसी की प्रक्रिया जून 2026 के अंतिम सप्ताह से शुरू की जाएगी. यह पूरा प्रोसेस केवल दिल्ली स्थित फिटजी के कॉर्पोरेट कार्यालय द्वारा संभाली जाएगी, ताकि पारदर्शिता और एकरूपता बनी रहे. इसे लेकर पैरेंट्स को मैसेज भेज दिया गया है.