
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में बुधवार तड़के करीब 3 बजे कटघर थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे रामगंगा पुल पर एक दर्दनाक हादसा हुआ. रोडवेज बस ने एक डीसीएम को जोरदार टक्कर मारी और वह डीसीएम यात्रियों से भरी पिक अप गाड़ी से जा भिड़ी. इस हादसे में पिक-अप में सवार यात्रियों सहित 21 लोग और 3 पुलिसकर्मी बुरी तरह घायल हो गए.
हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई. सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराने के लिए पहुंची. एंबुलेंस से मामूली रूप से घायल हुए लोगों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा था. तभी पीछे से दिल्ली जा रही रोडवेज बस ने पहले डीसीएम को जोरदार टक्कर मारी.
एक ही जगह पर एक के बाद एक हुए दो हादसे
इसकी वजह से डीसीएम पिकअप से जा भिड़ी और साथ ही रोडवेज की बस भी पिकअप से भिड़ गई. इसकी वजह से यात्रियों को रेस्क्यू कर रही पुलिस टीम भी इस हादसे की चपेट में आ गई. पुलिस के अनुसार, हादसे में 21 लोगों के साथ ही 1 होम गार्ड,1 हेड कांस्टेबल,1 कांस्टेबल घायल हुए हैं.

पिक-अप का टायर पंचर होने के बाद हुए हादसे
सभी को मौके से रेस्क्यू करते हुए उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. पूरा मामला बुधवार को तड़के सुबह करीब 3 बजे का है. मिली जानकारी के अनुसार, पिकअप का टायर पंचर हो गया था. इस दौरान ड्राइवर हाईवे पर पिकअप का टायर बदल रहा था. तभी एक डीसीएम ने पीछे से पिकअप में हल्की टक्कर मार दी थी.
पुलिस की टीम भी हादसे की चपेट में आ गई
एक्सीडेंट की सूचना पर अभी पीआरवी से पुलिस की टीम मौके पर पहुंची ही थी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कर ही रही थी. तभी दिल्ली की तरफ से आ रही शाहजहांपुर की रोडवेज बस ने दोनों वाहनों को जोरदार टक्कर मारते हुए हादसे को और बड़ा कर दिया.

घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में कराया भर्ती- एसपी ट्रैफिक
मामले में एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार सिंह ने बताया कि घायलों को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दो 2 घायलों को साईं हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. तीन घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.