इंदौर से करीब 200 किमी दूर मंदसौर के काला खेत इलाके में स्थित पीयूष धामनोतिया का घर पिछले 5 दिनों से बंद है. पड़ोसियों के मुताबिक, पीयूष एक 'लो-प्रोफाइल' जिंदगी जीता था, जिसके मन में चल रही साजिशों की किसी को भनक तक नहीं लगी.
पड़ोसियों और दुकानदारों से हुई बातचीत में पीयूष के बारे में ये मुख्य बातें सामने आईं. एक पड़ोसी रौनक ने बताया कि पीयूष बहुत कम बोलता था और उसके दोस्त भी गिने-चुने थे. पड़ोसियों ने बताया कि उससे कभी सीधी बातचीत नहीं हुई, वह सिर्फ त्योहारों जैसे मकर संक्रांति या दिवाली पर ही घर के बाहर दिखाई देता था.
पड़ोसियों का कहना है कि पीयूष के माता-पिता बेहद धार्मिक और अच्छे स्वभाव के हैं. परिवार में अभी हाल ही में पीयूष की बहन की सगाई हुई थी. किसी को अंदाजा नहीं था कि ऐसे परिवार का लड़का इस तरह के कृत्य को अंजाम दे सकता है.
मीडिया के सामने पीयूष का यह कहना कि "छोड़ो न, क्या फर्क पड़ता है, जो हो गया सो हो गया", सुनकर पड़ोसी और स्थानीय लोग दहशत में हैं. लोगों का कहना है कि जो लड़का दिवाली पर पटाखे फोड़ते और संक्रांति पर पतंग उड़ाते हुए सामान्य दिखता था, वह इतना पत्थरदिल कैसे हो गया.
पीयूष का परिवार मंदसौर के इस कमर्शियल मार्केट वाले इलाके में करीब 4-5 साल पहले ही रहने आया था. घर का निर्माण भी कुछ समय पूर्व ही हुआ है. घटना के बाद से ही पीयूष के माता-पिता इंदौर में हैं और घर पर ताला लगा हुआ है. आसपास के दुकानदार कैमरे के सामने कुछ भी बोलने से कतरा रहे हैं.
पीयूष इंदौर में MBA की पढ़ाई कर रहा था. पुलिस जांच में सामने आया कि उसकी खामोशी के पीछे एक सनकी और शक करने वाला दिमाग था. वह सिर्फ त्योहारों पर ही मंदसौर आता था, बाकी समय इंदौर में अपनी प्रेमिका के साथ रहता था, जहां उसने इस वारदात को अंजाम दिया.
यह भी पढ़ें: 'छोड़ दो न, क्या करोगे जानकर', गर्लफ्रेंड की लाश के साथ रात भर बनाए संबंध
पीयूष ने गला घोंटकर गर्लफ्रेंड की हत्या की और फिर उसकी लाश के साथ संबंध बनाए. आरोपी ने फरार रहने के दौरान महाराष्ट्र के पनवेल के पास तंत्र-मंत्र भी किया था. आरोपी का दावा है कि हत्या के बाद वह मानसिक तौर पर बेहद परेशान हो गया था और तंत्र-मंत्र के जरिये युवती की आत्मा से बात करना चाहता था.
आरोपी को संदेह था कि वह दूसरे युवकों से भी बात कर रही है. इस कारण उसने गुस्से में आकर युवती की हत्या कर दी थी और फरार हो गया था. फिलहाल पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है.