दिल्ली में संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हिमांशु भाऊ गैंग के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है. बाहरी दिल्ली में हुई एक मुठभेड़ के बाद दोनों को दबोचा गया. पुलिस का दावा है कि इस कार्रवाई से एक बड़े अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का भी पर्दाफाश हुआ है.
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों की पहचान विक्की उर्फ मोगली और चंदर भान के रूप में हुई है. दोनों हत्या, हत्या की कोशिश और जबरन वसूली के कई मामलों में शामिल रहे हैं. विक्की उर्फ मोगली पर हरियाणा पुलिस ने हत्या के कई मामलों में 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ है.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि खुफिया इनपुट मिला था कि कोई गैंग दिल्ली में किसी बड़े अपराध की साजिश रच रहा है. इसके बाद 22 और 23 जनवरी की रात हिरणकूदना-दिचाऊं कलां रोड पर UER-II फ्लाईओवर के नीचे पुलिस ने घेराबंदी की, जिसमें दोनों आरोपियों को घेरा लिया गया.
पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागना शुरू कर दिया. पीछा करने फायरिंग शुरू कर दी. विक्की ने दो राउंड गोलियां चलाई. एक गोली हेड कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी. जैकेट होने की वजह से वो गंभीर रूप से घायल होने से बच गए. इसके बाद पुलिस भी जवाबी फायरिंग करने लगी.
पुलिस की गोली विक्की के पैर में लगी. इसके बाद उसे काबू कर लिया गया और अस्पताल ले जाया गया. तलाशी के दौरान विक्की के पास से एक पिस्टल और 12 जिंदा कारतूस बरामद हुए, जबकि चंदर भान के पास से एक और पिस्टल और छह जिंदा कारतूस मिले. आरोपियों की कार भी जब्त कर ली गई.
पुलिस रिमांड के दौरान अवैध हथियार सप्लाई चेन से जुड़े तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनमें अलीगढ़ से यामीन खान, गौतम बुद्ध नगर से सतीश कुमार उर्फ दल्लू और दिल्ली से ईश्वर सिंह उर्फ सोनू शामिल हैं. आरोपियों की निशानदेही पर यूपी और दिल्ली में कई जगहों से बरामदगी की गई.
पुलिस 5 पिस्टल, 28 जिंदा कारतूस और दो कारें जब्त कर चुकी है. पुलिस का कहना है कि विक्की साल 2012 से आपराधिक गतिविधियों में शामिल है. दिल्ली और हरियाणा में सक्रिय हिमांशु भाऊ गैंग से जुड़े सदस्यों के संपर्क में था. पेशे से ड्राइवर चंदर भान पैसे और रसूख के लालच में विक्की से जुड़ा.