दिल्ली में सोमवार से सभी बाजार खुल गए हैं. कामकाज शुरू हो गए हैं. लोग अपने दफ्तर के लिए निकल रहे हैं. कोरोना की तीसरी लहर की चेतावनी को ध्यान में रखते हुए दिल्ली सरकार फूंक-फूंक कर कदम उठा रही है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि लॉकडाउन में ढील देने के बाद कोरोना मामलों पर नियमित निगरानी रखी जाएगी और अगर आंकड़ों में फिर से तेजी दिखी तो एक बार फिर प्रतिबंध लगाने पर विचार किया जा सकता है. राहत की बात यह है कि फिलहाल कोरोना के मामलों में काफी कमी आई है.
सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 131 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 16 मरीजों की मौत हुई है. 22 फरवरी के बाद सोमवार को यह पहला मौका है जब एक दिन में सबसे कम नए मामले सामने आए हैं. वहीं अगर मौत की बात करें तो सोमवार का यह आंकड़ा 5 अप्रैल के बाद एक दिन में सबसे कम मामले हैं.
वहीं पॉजिटिविटी रेट भी 0.22% है जो 21 फरवरी के बाद सबसे कम है. यानी कोरोना पॉजिटिव मामलों की दर में भी कमी आई है. सोमवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक रिकवरी रेट- 98.03%, डेथ रेट- 1.74% और एक्टिव मरीज़ों की संख्या का दर- 0.22% है. 19 मार्च के बाद पहली बार सबसे कम एक्टिव मामले सामने आए हैं.
और पढ़ें- तीसरी लहर से जंग की तैयारी, दिल्ली एम्स में 6 से 12 साल के बच्चों पर होगा कोवैक्सीन का ट्रायल
पिछले 24 घंटे में आए 131 नए मामलों के साथ ही कुल मामलों की संख्या 14,31,270 हो गई है. जबकि पिछले 24 घंटे में 355 मरीज ठीक हुए हैं. इसके साथ ही अब तक कुल ठीक हुए मरीजों की संख्या 14,03,205 हो गई है. वहीं कोरोना संक्रमण की वजह से हुई कुल मौतों की संख्या 24,839 हो गई है. जबकि एक्टिव मामलों की संख्या 3226 हो गई है. पिछले 24 घंटों में 59,556 टेस्ट हुए हैं, जबकि अब तक हुए कुल टेस्ट की संख्या 2,03,23,110 है.