अमेरिका और ईरान में टेंशन (US-Iran War Tension) के चलते होर्मुज स्ट्रेट में आई रुकावट के चलते पैदा हुए एलपीजी संकट से निपटने के लिए सरकार ने कई बड़े कदम उठाए हैं. एक ओर जहां घरेलू प्रोडक्शन बढ़ाया गया है, तो वहीं 5 किलो वाले छुटकू सिलेंडरों की सप्लाई भी तेज की गई है. इसके बाद भी घबराहट में सिलेंडर बुकिंग किए जाने के आंकड़ों में कमी आती नहीं दिख रही है. रिपोर्ट्स की मानें, तो हर दिन करीब 90 लाख के आस-पास LPG Booking की जा रही है, जो कि आम दिनों में करीब 50 लाख और फेस्टिव सीजन के मौकों पर 70 लाख तक पहुंच जाती थी. ऐसा तब है जबकि सरकार लगातार लोगों से पैनिक सिलेंडर बुकिंग न करने की अपील कर रही है.
पाकिस्तान के इस्लामाबाद में अमेरिका-ईरान के बीच शांति वार्ता फेल हो गई. इसके बाद ट्रंप के ईरानी बंदरगाहों की नाकाबंदी के ऐलान ने होर्मुज को लेकर टेंशन फिर बढ़ा दी, जिसकी वजह से पहले से ही दुनिया के तमाम देशों में तेल-LPG संकट गहराया हुआ है. हालांकि, भारत में LPG Crisis से निपटने के लिए सरकार ने बड़े कदम उठाए हैं और लगातार उन पर कदम आगे बढ़ा रही है, जिससे किसी भी परिस्थिति में गैस शॉर्टेज से बचा जा सके. लेकिन सरकार की पैनिक बुकिंग न करने की अपील के बाद भी, लोग घबराहट में बुकिंग करते नजर आ रहे हैं.
5 Kg के छुटकू सिलेंडर की सप्लाई तेज
घरेलू एलपीजी सप्लाई सुचारू रखने के लिए सरकार ने 5 किलोग्राम वाले छुटकू एलपीजी सिलेंडर (5 Kg LPG Cylinder) की आपूर्ति बढ़ा दी है. पीटीआई की एक रिपोर्ट को देखें, तो सरकार के इस कदम से एलपीजी की किल्लत दूर करने में काफी मदद मिल रही है. इसमें बताया गया कि बीते 23 मार्च से अब तक 13 लाख से अधिक 5 किलोग्राम वाले एलपीजी सिलेंडर बेचे जा चुके हैं. जबकि रोजाना इन सिलेंडरों की बिक्री100,000 यूनिट के पार निकल गई है.
इसके अलावा अन्य उठाए गए कदमों के बारे में बात करें, तो सरकार ने मिडिल ईस्ट युद्ध की शुरुआत के बाद ही घरेलू गैस प्रोडक्शन बढ़ाने का आदेश किया, सिर्फ खाड़ी देशों पर निर्भर न रहते हुए अन्य देशों से एलपीजी आयात बढ़ाया. घरेलू गैस सिलेंडर के बुकिंग टाइमलाइन में बदलाव किया, ताकि किसी भी संकट में पैनिक न हो.
PNG कनेक्शन पर सरकार का जोर
न सिर्फ एलपीजी सिलेंडर की सप्लाई पर सरकार का जोर है, बल्कि पाइप्ड नेचुरल गैस यानी PNG कनेक्शनों के विस्तार में भी देश में तेजी लाई जा रही है. सिर्फ मार्च से अब तक 4,24,000 से अधिक नए पीएनजी कनेक्शन चालू किए गए हैं. इन नए कनेक्शनों के साथ अब तक 30,000 से ज्यादा उपभोक्ताओं ने अपने पीएनजी कनेक्शन के बाद अपने पास पहले से मौजूद एलपीजी कनेक्शन सरेंडर किए हैं.