अबू धाबी में आयोजित एक सम्मेलन के दौरान दुनिया की दिग्गज रियल एस्टेट कंपनी एम्आर प्रॉपर्टीज (Emaar Properties) के संस्थापक और प्रबंध निदेशक मोहम्मद अलब्बार ने भारतीय पेशेवरों की जमकर तारीफ की.
अलब्बार ने इस बात का खुलासा किया कि वे अपनी कंपनी में बड़े पैमाने पर भारतीयों को नियुक्त करना क्यों पसंद करते हैं. उनके मुताबिक, भारतीय कर्मचारी न केवल पेशेवर रूप से कुशल होते हैं, बल्कि उनकी कार्यशैली में एक खास तरह की प्रतिबद्धता दिखाई देती है.
मोहम्मद अलब्बार ने इस बात पर जोर दिया कि भारतीय कर्मचारियों की मजबूत कार्य नैतिकता और उनका अनुशासन उन्हें वैश्विक स्तर पर दूसरों से अलग बनाता है. उन्होंने कहा कि भारतीयों में काम के प्रति जो समर्पण और लगन होती है, वह किसी भी संगठन के विकास के लिए एक बड़ी संपत्ति है. अलब्बार का यह बयान अंतरराष्ट्रीय कॉर्पोरेट जगत में भारतीय टैलेंट की बढ़ती साख और उनके प्रभाव को एक बार फिर पुख्ता करता है.
यह भी पढ़ें: क्या काले धन को खपाने का जरिया है रियल एस्टेट, रेरा पर क्यों नहीं है लोगों को भरोसा!
भारतीय क्यों पसंद
मोहम्मद अलब्बार ने कहा कि प्रयास और बारीकियों पर ध्यान देना, कभी-कभी बुद्धिमत्ता से भी अधिक महत्वपूर्ण हो सकता है. 'गल्फ न्यूज' के अनुसार, उन्होंने अपनी सफलता का मंत्र साझा करते हुए कहा, "मैं हमेशा लोगों से कहता हूं कि मेरा आईक्यू औसत है, लेकिन मेरी कड़ी मेहनत सबसे बेहतरीन है. मैं केवल कठिन परिश्रम में विश्वास रखता हूं."
उन्होंने कड़ी मेहनत की इस परिभाषा को भारतीय कर्मचारियों से जोड़ते हुए उनके समर्पण की जमकर प्रशंसा की. उन्होंने उल्लेख किया कि भारतीय कर्मचारी अपने काम के प्रति इतने प्रतिबद्ध होते हैं कि वे दिन के किसी भी समय काम के लिए उपलब्ध रहते हैं.
अलब्बार ने अपने संबोधन को एक प्रेरणादायक संदेश के साथ समाप्त करते हुए कहा, "आप जितनी कड़ी मेहनत करेंगे, आपकी किस्मत उतनी ही चमकती जाएगी. एक पुरानी कहावत है कि जब प्रतिभा मेहनत करना छोड़ देती है, तो कड़ी मेहनत उसे भी मात दे देती है. यही कारण है कि मैं भारतीयों को काम पर रखना पसंद करता हूं, क्योंकि अगर आप उन्हें रात के एक बजे भी फोन करेंगे, तो वे जवाब देने के लिए तैयार रहते हैं. "
यह भी पढ़ें: लखनऊ या नोएडा, निवेश के लिए कौन सा शहर है 'हॉट' डेस्टिनेशन?