मंगलवार को मंगल ही मंगल, जी हां शेयर बाजार में निवेश करने वालों के लिए सप्ताह का दूसरा दिन शानदार (Stock Market Rally) साबित हुआ है. सेंसेक्स-निफ्टी दोनों इंडेक्स ने दिनभर ग्रीन जोन में कारोबार किया और अंत में धुआंधार तेजी के साथ क्लोज हुए. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला Sensex 753 अंकों की उछाल के साथ क्लोज हुआ, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का Nifty 200 अंक से ज्यादा की छलांग लगाकर क्लोज हुआ. इस दौरान बैंकिंग शेयर 'मार्केट के हीरो' साबित हुए और तूफानी तेजी के साथ भागे.
ICICI Bank, HDFC Bank, Axis Bank समेत तमाम बैंकिंग शेयरों ने जोरदार बढ़त लेकर क्लोजिंग की. तो वहीं Trent, HUL से लेकर TCS तक के शेयरों ने दिनभर गदर मचाए रखा.
सेंसेक्स-निफ्टी में धुआंधार तेजी
बीएसई का सेंसेक्स अपने पिछले बंद 78,520 के स्तर से उछलकर 78,617 के लेवल पर ओपन हुआ और फिर दिनभर की तेजी के बाद आखिरकार मार्केट क्लोज होने पर 753 अंक की उछाल के साथ 29,273 पर बंद हुआ. इसके अलावा निफ्टी की चाल भी सेंसेक्स के जैसी ही नजर आई. 50 शेयरों वाला ये इंडेक्स अपने पिछले बंद 24,364 की तुलना में तेजी लेकर 24,374 पर खुला था और अंत में 211 अंकों की उछाल के साथ 24,576 के लेवल पर क्लोज हुआ.
बैंकिंग शेयरों का दिनभर धमाल
शेयर बाजार में तेजी के बीच बैंकिंग शेयर दिनभर धमाल मचाते हुए नजर आए. BSE की लार्जकैप कैटेगरी में शामिल ICICI Bank Share (2.41%), HDFC Bank Share (2.04%), Axis Bank Share (1.72%) की तेजी लेकर बंद हुए. मिडकैप में शामिल AU Bank Share (4.27%) की उछाल के साथ क्लोज हुआ. इसके अलावा IDFC First Bank, Kotak Mahindra Bank जैसे स्टॉक्स भी दिनभर के कारोबार के बाद अंत में ग्रीन जोन पर बंद हुए.
शेयर बाजार में तेजी के बड़े कारण
पहला: कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर नरमी देखने को मिली है, जिससे महंगाई का जोखिम कम हुआ है और इसका असर शेयर बाजार पर देखने को मिला है. मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 95 डॉलर प्रति बैरल के नीचे खिसक गई.
दूसरा: भारतीय शेयर बाजार के लिए ओपनिंग से पहले ही ग्लोबल संकेत पॉजिटिव मिल रहे थे. ज्यादातर एशियाई शेयर बाजारों में शुरुआत से ही तूफानी तेजी नजर आ रही थी. जापान का निक्केई हो, हांगकांग का हैंगसेंग हो या फिर साउथ कोरिया का कोस्पी इंडेक्स सभी ग्रीन जोन में कारोबार कर रहे थे. इन ग्रीन सिग्नल के चलते भारत में भी तेजी से शुरुआत हुई, जो अंत तक जारी रही.
तीसरा: शेयर बाजार में डर का पैमाना माना जाने वाला India VIX 6 फीसदी से ज्यादा फिसल गया, जो संकेत देता है कि बाजार में आने वाले दिनों में चिंता की कोई बात नहीं है. इसका असर भी शेयर बाजार निवेशकों के सेंटीमेंट पर देखने को मिला है.
चौथा: शेयर बाजार में आई इस तूफानी तेजी के पीछे एक बड़ा कारण India-US Trade Deal के नए दौर की बातचीत शुरू होने को भी माना जा सकता है. मंगलवार को शुरू हुई चर्चा के तहत बड़े बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है. खासकर टैरिफ को लेकर फिर से बातचीत हो सकती है, क्योंकि अमेरिका कोर्ट ने टैरिफ को गैर-कानूनी बताते हुए रद्द कर दिया था.
इन शेयरों में भी जोरदार तेजी
Share Market में तेजी के बीच अन्य कमाई कराने वाले शेयरों की लिस्ट देखें, तो लार्जकैप में Trent Share (3.55%), HUL Share (3.13%), Bajaj Finance Share (2.28%), Eternal Share (1.79%) की उछाल के साथ बंद हुए.
इसके अलावा मिडकैप में शामिल Godrej Properties Share (2.62%), Muthoot Finance Share (2.21%), BHEL Share (2.18%), Phoenix Ltd Share (2.04%) चढ़कर क्लोज हुए. स्मॉलकैप में नजर डालें, तो PNB Housing Share (8.09%), Manappuram Share (4.76%) और KEC Share (4.36%) की तेजी के साथ बंद हुए.
(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)