शेयर बाजार में भयंकर तबाही (Stock Market Crash) मची है. मार्केट ओपन होने के साथ ही बिखरे हुए नजर आए सेंसेक्स-निफ्टी में कारोबार बढ़ने के साथ ही गिरावट तेज होती रही. बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स अंत में 2496 अंक फिसलकर बंद हुआ, तो वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स 775 अंक की गिरावट के साथ क्लोज हुआ.
न सिर्फ शेयर बाजार में तबाही देखने को मिली है, बल्कि सोना-चांदी की कीमतें भी क्रैश हो गई हैं. MCX Silver Price में 5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली. दूसरी ओर तेल की कीमतों में लगी आग ने भारत समेत दुनियाभर के शेयर बाजारों का मूड खराब कर दिया है.
शुरुआत से ही बिखर रहे सेंसेक्स-निफ्टी
क्रूड ऑयल के दाम 114 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंचने के बाद जहां जापान से लेकर कोरिया तक एशियाई शेयर बाजारों में कोहराम मचा नजर आया, तो वहीं विदेशों से मिले इन निगेटिव संकेतों की बीच शुरुआत से ही सेंसेक्स-निफ्टी बिखरे हुए नजर आए थे और कारोबार आगे बढ़ने के साथ गिरावट तेज होती चली गई.
गुरुवार को शेयर मार्केट ओपन होने पर BSE Sensex अपने पिछले बंद 76,704 की तुलना में फिसलकर 74,750 पर ओपन हुआ था और आखिरी कारोबारी घंटे में दोपहर 2.30 बजे के आसपास ये 2170 अंक का गोता लगाकर 74,510 के लेवल पर कारोबार करता दिखाई दिया और मार्केट बंद होने पर ये इंडेक्स 2496 अंक बिखरकर 74,207 पर आकर क्लोज हुआ. NSE Nifty का हाल भी बेहाल नजर आया और बुधवार के अपने बंद 23,777 के मुकाबले ये ड़ी गिरावट लेकर 23,197 पर खुला और क्लोजिंग पर ये 50 शेयरों वाला ये इंडेक्स भी 775 अंक गिरकर 23,002 पर बंद हुआ.
ये शेयर ताश के पत्तों की तरह बिखरे
शेयर बाजार में आई सुनामी के बीच बड़ी-बड़ी कंपनियों के शेयर ताश के पत्तों की तरह बिखरे हुए नजर आए. Bajaj Finance Share (5.50%), Eternal Share (5.40%), M&M Share (4.90%), HDFC Bank Share (4.61%), IndiGo Share (4.40%) तक क्रैश हो गए. इसके अलावा Reliance, Kotak, SBI, Titan, Tata Steel, Axis Bank, Maruti, Infosys समेत तमाम बड़ी कंपनियों के शेयरों में गिरावट देखने को मिली.
शेयर बाजार ही नहीं, सोना-चांदी भी क्रैश
ग्लोबल टेंशन के बीच जहां Stock Market Crash हुआ, तो वहीं ऐसी स्थिति में हमेशा उछलने वाली कीमती धातुएं सोना-चांदी उल्टी चाल चलते हुए धराशायी नजर आई हैं. बीते कुछ दिनों से Gold-Silver Rates में गिरावट देखने को मिल रही है और गुरुवार को एमसीएक्स पर कारोबार की शुरुआत होते ही ये क्रैश हो गए.
MCX पर चांदी की कीमतों में 5 फीसदी से ज्यादा की गिरावट देखने को मिली, तो वहीं सोना भी करीब 2.50 फीसदी तक फिसला. दोपहर 12 बजे के आसपास Silver Price अचानक तेजी से टूटने लगे थे और 5 मई की एक्सपायरी वाली 1 किलो चांदी 12,000 रुपये तक सस्ती हो गई और इसकी कीमत 2.35 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गई. दूसरी ओर सोने के भाव में करीब 4500 रुपये प्रति 10 ग्राम तक कम हो गया और ये 1.50 लाख रुपये के नीचे आ गया. .
(नोट- सोना-चांदी या शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)