
भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के मामा अभिषेक चौहान ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा 2025 में शानदार सफलता हासिल की है. उन्होंने बिना किसी कोचिंग के सिर्फ सेल्फ स्टडी के जरिए मेहन और लगन से पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया (AIR) 102वीं रैंक प्राप्त की है. उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे जिले में जश्न का माहौल है.
दरअलस, UPSC का अंतिम परिणाम शुक्रवार (6 मार्च 2026) को घोषित हुआ, जिसमें अभिषेक चौहान 102वीं रैंक हासिल की है. अभिषेक के यूपीएससी की परीक्षा पास करने की जानकारी वैभव के पिता संजीव सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया पर दी. उन्होंने अभिषेक के साथ तस्वीर साझा कर बताया कि गौरव का क्षण! साले साहब ने 102वीं रैंक लाकर यूपीएससी 2026 में कमाल कर दिया.
बचपन से मेधावी छात्र रहे हैं अभिषेक
अभिषेक चौहान बचपन से ही मेधावी छात्र रहे हैं. उन्होंने जियोलॉजी विषय में इंटीग्रेटेड एमटेक की डिग्री हासिल की और आईआईटी में गोल्ड मेडलिस्ट बने. इसके बाद एक मल्टीनेशनल कंपनी में 6 महीने तक नौकरी भी की, लेकिन देश सेवा के जज्बे के कारण उन्होंने नौकरी छोड़ दी. साल 2022 से उन्होंने हाजीपुर में रहकर खुद से तैयारी शुरू की और विशेषज्ञों से मार्गदर्शन लिया. इसके बाद साल 2025 में पहली बार पीटी और मेंस पास करने के बाद इंटरव्यू में भी शानदार प्रदर्शन किया, जिसका सुखद परिणाम अब सामने आया है.

पूरे इलाके में जश्न
अभिषेक की सफलता की खबर मिलते ही मोहिउद्दीननगर के राजाजान गांव में ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और जमकर आतिशबाजी की. परिजनों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशियां बांटी. अभिषेक के पिता वर्तमान में नालंदा खुला विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार हैं.
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि एक तरफ भांजा वैभव सूर्यवंशी क्रिकेट की पिच पर समस्तीपुर का नाम रोशन कर रहा है, तो दूसरी तरफ मामा अभिषेक ने प्रशासनिक सेवा में जाकर जिले का मान बढ़ाया है. ये मामा-भांजे की जोड़ी पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणा बन गई है.