बिहार के रोहतास जिले से एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। घटना रोहतास थाना क्षेत्र के तुंबा गांव की है. मृतका की पहचान 20 वर्षीय अमरेसा कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब एक साल पहले इंद्रजीत कुमार उर्फ इंद्रजीत राम से हुई थी.
परिजनों के अनुसार, शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. घरेलू कलह को लेकर दोनों के रिश्तों में लगातार तनाव बना हुआ था। आरोप है कि इसी तनाव के चलते मामला इतना बढ़ गया कि पति ने अमरेसा की गला दबाकर हत्या कर दी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. शुरुआती पूछताछ और परिस्थितियों को देखते हुपरए पुलिस ने मृतका के पति इंद्रजीत कुमार को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है. मामले में मृतका के मायके पक्ष ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं और कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम के सदर अस्पताल भेज दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है, जिसमें घरेलू विवाद और अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है. इस घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं.