scorecardresearch
 

नेपाल में मौत, बिहार में सियासत... कौन है रोशन आनंद के भाई प्रिंस की मौत का जिम्मेदार?

ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध मौत के बाद मामला गरमा गया है. इस बीच तेज प्रताप यादव ने फैजल खान उर्फ खान सर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उनकी भूमिका की जांच की मांग की है. उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई हो. फिलहाल नेपाल पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है और पांच लोगों से पूछताछ जारी है.

Advertisement
X
ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की मौत पर सियासत हो रही है (Photo: ITG)
ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की मौत पर सियासत हो रही है (Photo: ITG)

बिहार के चर्चित कोचिंग विवाद से जुड़ा एक मामला अब रहस्यमयी मौत, राजनीतिक बयानबाजी और पुलिस जांच के नए मोड़ पर पहुंच गया है. ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव का शव नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में मिलने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर प्रिंस यादव की मौत कैसे हुई और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है?

नेपाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और होटल में हुई इस संदिग्ध मौत के मामले में कुछ लोगों  को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. दूसरी ओर बिहार में इस घटना को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है.

तेज प्रताप यादव ने लगाए गंभीर आरोप

प्रिंस यादव की मौत के बाद जनशक्ति जनता दल के नेता तेज प्रताप यादव ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं. तेज प्रताप यादव ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने दावा किया कि इस मामले में फैजल खान की भूमिका की जांच होनी चाहिए. उन्होंने अपने बयान में कहा कि उन्हें संदेह है और पूरे मामले की गहराई से जांच होनी चाहिए. हालांकि अब तक किसी जांच एजेंसी ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है.

Advertisement

 रोशन आनंद को मिली जमानत

तेज प्रताप यादव ने राज्य सरकार से यह मांग भी की थी कि ज्ञान बिंदु एकेडमी के निदेशक रोशन आनंद को जमानत दिया जाए. ताकि वे अपने भाई के अंतिम संस्कार में शामिल हो सकें. वहीं आज सुबह कोर्ट ने रोशन आनंद को जमानत दे दी. तेज प्रताप ने कहा कि परिवार इस समय बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है और ऐसे समय में रोशन आनंद को अपने परिवार के साथ रहने का अवसर मिलना चाहिए. प्रिंस यादव की मौत के बाद तेज प्रताप यादव ने एक पुरानी तस्वीर भी साझा की है. उन्होंने दावा किया कि यह तस्वीर लगभग आठ साल पुरानी है, जब प्रिंस यादव उनसे मिलने पहुंचे थे. 

नेपाल के होटल में मिला शव, बढ़ा रहस्य

जानकारी के मुताबिक प्रिंस यादव नेपाल के विराटनगर में ठहरे हुए थे. इसी दौरान एक होटल के कमरे में उनका शव मिला. होटल कर्मचारियों की सूचना के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. फिलहाल नेपाल पुलिस ने मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं दिया है. जांच एजेंसियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का इंतजार कर रही हैं. हालांकि जैसे ही यह खबर बिहार पहुंची, मामला अचानक चर्चा का विषय बन गया. वजह यह है कि प्रिंस यादव का नाम पहले से एक चर्चित विवाद में सामने आ चुका था.

Advertisement

कोचिंग विवाद के बाद दर्ज हुई थी एफआईआर

ज्ञान बिंदु एकेडमी और फैजल खान की कोचिंग से जुड़े विवाद के बाद रोशन आनंद और उनके भाई प्रिंस यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी. मामले में पुलिस कार्रवाई के दौरान रोशन आनंद को गिरफ्तार कर लिया गया था. वहीं प्रिंस यादव गिरफ्तारी की आशंका के बीच बिहार छोड़कर नेपाल चले गए थे. अब नेपाल में उनकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे घटनाक्रम को और जटिल बना दिया है. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि नेपाल पहुंचने के बाद प्रिंस यादव किन लोगों के संपर्क में थे और मौत से पहले उनके साथ क्या हुआ था.

कोचिंग सेंटर के बाहर बढ़ाई गई सुरक्षा

प्रिंस यादव की मौत के बाद बिहार पुलिस भी सतर्क हो गई है. पटना के मुसल्लहपुर स्थित फैजल खान के कोचिंग सेंटर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस की अतिरिक्त टीमों को तैनात किया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति को रोका जा सके. कोचिंग सेंटर के आसपास भी निगरानी बढ़ाई गई है. अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह एहतियात के तौर पर की गई है और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है.

आखिर क्या कह रही है जांच?

Advertisement

फिलहाल पूरे मामले में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका जांच एजेंसियों की है. नेपाल पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल रिकॉर्ड और होटल स्टाफ के बयान जुटा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि प्रिंस यादव की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई, आत्महत्या का मामला है या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है. पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने से संकेत मिलता है कि पुलिस हर एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है.

परिवार को रिपोर्ट का इंतजार

प्रिंस यादव के परिजन फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं. परिवार का कहना है कि सच्चाई सामने आनी चाहिए और यदि किसी की भूमिका है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. वहीं दूसरी ओर सोशल मीडिया पर तरह-तरह के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस और प्रशासन लोगों से अपील कर रहे हैं कि वे अपुष्ट सूचनाओं पर भरोसा न करें.

कई सवालों के जवाब अभी बाकी

प्रिंस यादव की मौत के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं. नेपाल जाने के बाद वे किन लोगों के संपर्क में थे? मौत से पहले आखिरी बार किससे बातचीत हुई? होटल में उनके साथ कौन मौजूद था? और सबसे महत्वपूर्ण, मौत का वास्तविक कारण क्या है? 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement