scorecardresearch
 

पटना के गांधी सेतु पर भीषण हादसा... ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, इंजीनियर का हाथ कटकर नीचे गिरा

बिहार के पटना सिटी में महात्मा गांधी सेतु पर भीषण सड़क हादसा हो गया. यहां तेज रफ्तार में जा रहे ट्रक की टक्कर से बाइक सवार इंजीनियर का हाथ कटकर पुल से नीचे गिर गया. इंजीनियर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

Advertisement
X
पटना के गांधी सेतु पर हादसा. (Photo: Screengrab)
पटना के गांधी सेतु पर हादसा. (Photo: Screengrab)

पटना सिटी में बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया. महात्मा गांधी सेतु के पिलर नंबर 46 के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार इंजीनियर को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि इंजीनियर का एक हाथ शरीर से अलग होकर पुल से नीचे सड़क पर जा गिरा.

घायल इंजीनियर की पहचान आलमगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले मोहम्मद अकील के रूप में हुई है. अकील एक निजी कंपनी में काम करते हैं और रोज की तरह मुजफ्फरपुर से काम करके वापस पटना लौट रहे थे. इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया.

patna hit and run gandhi setu engineer hand cut accident

घटना की सूचना मिलते ही आलमगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अकील को तुरंत इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) भेजा. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया गया. फिलहाल उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.

यह भी पढ़ें: स्कॉर्पियो की तेज रफ्तार, हादसे के बाद भागते बहन-भाई... दिल्ली एक्सीडेंट का नया Video

इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. लोगों ने कहा कि यह एक साफ तौर पर हिट एंड रन का मामला है, जिसमें ट्रक चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया.

Advertisement

patna hit and run gandhi setu engineer hand cut accident

स्थानीय लोगों का कहना है कि गांधी सेतु पर आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं. इसके बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं.

लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई हो और हिट एंड रन करने वाले वाहन चालकों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए. इस हादसे ने लोगों में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement