पटना सिटी में बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसने लोगों को झकझोर कर रख दिया. महात्मा गांधी सेतु के पिलर नंबर 46 के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार इंजीनियर को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि इंजीनियर का एक हाथ शरीर से अलग होकर पुल से नीचे सड़क पर जा गिरा.
घायल इंजीनियर की पहचान आलमगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले मोहम्मद अकील के रूप में हुई है. अकील एक निजी कंपनी में काम करते हैं और रोज की तरह मुजफ्फरपुर से काम करके वापस पटना लौट रहे थे. इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया.

घटना की सूचना मिलते ही आलमगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अकील को तुरंत इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) भेजा. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर कर दिया गया. फिलहाल उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
यह भी पढ़ें: स्कॉर्पियो की तेज रफ्तार, हादसे के बाद भागते बहन-भाई... दिल्ली एक्सीडेंट का नया Video
इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. लोगों ने कहा कि यह एक साफ तौर पर हिट एंड रन का मामला है, जिसमें ट्रक चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया.

स्थानीय लोगों का कहना है कि गांधी सेतु पर आए दिन तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं. इसके बावजूद प्रशासन द्वारा ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं.
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई हो और हिट एंड रन करने वाले वाहन चालकों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए. इस हादसे ने लोगों में आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया.