scorecardresearch
 

Bihar: बेतिया में गैस सिलेंडर विस्फोट से दहला बाजार, मीट दुकान में धमाके से 11 लोग झुलसे

बिहार के बेतिया जिले के लौरिया नगर पंचायत में मीट दुकान पर छोटे रसोई गैस सिलेंडर के फटने से 11 लोग झुलस गए. धमाका यूनियन बैंक के सामने हुआ. सभी घायलों को पहले पीएचसी लौरिया और फिर सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, बेतिया रेफर किया गया. दो महिलाएं और एक बच्चा गंभीर हैं.

Advertisement
X
अस्पताल में भर्ती.(Photo: Abhishek Pandey/ITG)
अस्पताल में भर्ती.(Photo: Abhishek Pandey/ITG)

बिहार के बेतिया जिले के लौरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत में शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे बड़ा हादसा हो गया. यूनियन बैंक के सामने स्थित एक मीट दुकान में छोटे रसोई गैस सिलेंडर में अचानक आग भड़क उठी. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और धमाके के साथ सिलेंडर फट गया. विस्फोट की आवाज से पूरा बाजार दहल उठा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

हादसे के समय दुकान और आसपास मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए. धमाका इतना तेज था कि आसपास के दुकानदार और राहगीर घबराकर इधर-उधर भागने लगे. स्थानीय लोगों ने तुरंत साहस दिखाते हुए राहत-बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला.

यह भी पढ़ें: बिहार के बेतिया से एक साथ गायब हो गईं पांच लड़कियां, इलाके में हड़कंप

दुकानदार समेत 11 लोग झुलसे, अस्पताल में भर्ती

इस हादसे में दुकानदार समेत कुल 11 लोग झुलस गए. घायलों में गोविंद राय, विनय कुमार शुक्ला, गुलाब पटेल, प्रेमनाथ कुमार, बेबी कुमारी, सीता देवी और एक अन्य छह वर्षीय बच्ची शामिल हैं. सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) लौरिया ले जाया गया.

प्राथमिक उपचार के बाद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रौशन कुमार ने बताया कि सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, बेतिया रेफर कर दिया गया है. दो महिलाओं और एक बच्चे की हालत नाजुक बताई जा रही है. सभी घायलों की चिकित्सकीय निगरानी की जा रही है.

Advertisement

प्रशासनिक अधिकारियों ने लिया जायजा, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी नीतेश कुमार सेठ और थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना. अधिकारियों ने मौके की स्थिति का भी जायजा लिया.

सीओ नीतेश कुमार सेठ ने बताया कि अंडे और मीट की दुकान में छोटे सिलेंडर के ब्लास्ट से 11 लोग घायल हुए हैं. मामले की जांच की जा रही है. साथ ही व्यवसायियों को निर्देश दिया गया है कि वे प्रतिष्ठानों में केवल कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही उपयोग करें और सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement