पटना के बाढ़ इलाके में पंचमहला फायरिंग मामले के बाद देर रात जमकर हंगामा देखने को मिला. कुख्यात अपराधी सोनू-मोनू पर अनंत सिंह समर्थक और मुखिया पति मुकेश कुमार पर गोली चलाने का आरोप है. घटना के बाद पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में उनके घर पहुंची, लेकिन वहां माहौल तनावपूर्ण हो गया.
जब पुलिस छापेमारी के लिए पहुंची तो गैंगस्टर सोनू-मोनू की मां और मुखिया उर्मिला सिन्हा समेत कुछ महिलाओं ने पुलिसकर्मियों को घर के अंदर जाने से रोक दिया. देखते ही देखते वहां समर्थकों की भीड़ जमा हो गई और करीब आधे घंटे तक पुलिस तथा परिवार के बीच तीखी बहस चलती रही.
मौके पर मौजूद हाथीदह थानाध्यक्ष रंजन कुमार ने फोन पर सोनू से बातचीत भी की. उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून के तहत पुलिस को ऐसी स्थिति में बिना सर्च वारंट के भी तलाशी लेने का अधिकार है, खासकर तब जब सबूत मिटाए जाने की आशंका हो.
पुलिस की इ गई तलाशी
काफी विवाद के बाद सोनू-मोनू के समर्थकों और उनकी मां ने एक शर्त रखी कि घर में प्रवेश से पहले पुलिसकर्मियों की भी तलाशी ली जाए. स्थिति को शांत करने के लिए पुलिसकर्मियों ने खुद की जांच करवाई, जिसके बाद उन्हें एक-एक कर घर के भीतर जाने दिया गया. इस पूरी घटना का वीडियो आसपास मौजूद लोग बनाते रहे.
मामले पर एसडीपीओ रामकृष्णा ने बताया कि पंचमहला थाना क्षेत्र के नौरंगा जलालपुर गांव में सरपंच पति और मुखिया पति प्रमोद सिंह के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान अपराधी सोनू कुमार द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है. पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
उन्होंने यह भी कहा कि मौके की परिस्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रक्रिया का पालन किया. वहीं वायरल वीडियो को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आगे की जांच और कार्रवाई की जाएगी.