अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पुराने दोस्त और UFC प्रमुख डाना व्हाइट को एक नई जिम्मेदारी देने की पेशकश की है. ट्रंप चाहते हैं कि डाना व्हाइट व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव बनें. उन्होंने सोशल मीडिया पर इसका ऐलान करते हुए डाना को 'फाइटर और योद्धा' बताया. इतना ही नहीं, ट्रंप ने मजाकिया अंदाज में उनसे कहा कि वह अपने साथ UFC के छह बड़े फाइटर्स को भी ले आएं. इनमें खबीब नूरमगोमेदोव और इस्लाम मखाचेव जैसे नाम शामिल हैं.
ट्रंप ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर यह पोस्ट की. उन्होंने लिखा, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि महान डाना व्हाइट को अमेरिका का प्रेस सचिव बनने का ऑफर दिया गया है. वह एक फाइटर और योद्धा हैं. मैंने उनसे कहा है कि वह अपने साथ असिस्टेंट भी लेकर आएं. इनमें इस्लाम मखाचेव, खबीब नूरमगोमेदोव, जस्टिन गेथजे, डेनियल कॉर्मियर, अमांडा नून्स और कायला हैरिस शामिल हैं. इनमें से कुछ हमारे देश के नागरिक भी नहीं हैं."
इसके बाद ट्रंप ने विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने लिखा, "हमें इन लोगों की जरूरत है, ताकि वे कट्टर वामपंथियों से हमारी रक्षा कर सकें. डाना ऐसे प्रेस सचिव होंगे, जैसा पहले कभी नहीं देखा गया. डाना, प्लीज यह नौकरी स्वीकार कर लीजिए!"
व्हाइट हाउस में लंबे समय से खाली है पद
ट्रंप का यह ऑफर ऐसे समय आया है, जब व्हाइट हाउस में प्रेस सचिव का पद लंबे समय से खाली है. अगस्त में कैरोलिन लेविट ने यह पद छोड़ दिया था. उन्होंने कहा था कि वह अपने दो छोटे बच्चों की परवरिश पर ध्यान देना चाहती हैं. इसके बाद ट्रंप ने केटी जकारिया को प्रेस सचिव बनाया, लेकिन वह सिर्फ पांच दिन इस पद पर रहीं. फिर उन्हें हटा दिया गया. तब से व्हाइट हाउस में कोई स्थायी प्रेस सचिव नहीं है.
प्रेस सचिव का काम सिर्फ पत्रकारों के सवालों के जवाब देना नहीं होता. वह राष्ट्रपति और सरकार का पक्ष मीडिया के सामने रखता है. सरकार के फैसलों का बचाव करना भी उसकी जिम्मेदारी होती है. कई बार उसे पत्रकारों के तीखे सवालों का सामना करना पड़ता है.
ट्रंप और डाना व्हाइट की 25 साल पुरानी दोस्ती
ट्रंप और डाना व्हाइट की दोस्ती करीब 25 साल पुरानी है. जब UFC अमेरिका में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहा था, तब ट्रंप ने उसका साथ दिया था. उन्होंने अपने होटल और दूसरी जगहों पर UFC के मुकाबले कराने की अनुमति दी थी. इनमें अटलांटिक सिटी का ट्रंप ताजमहल भी शामिल था. उस समय कई जगहों पर UFC के मुकाबले कराने से लोग बचते थे. ट्रंप के समर्थन से संगठन को मुकाबले आयोजित करने के लिए जगह मिली. आगे चलकर डाना व्हाइट ने UFC को दुनिया के बड़े स्पोर्ट्स संगठनों में शामिल कर दिया.
डाना व्हाइट ट्रंप के शुरुआती राजनीतिक समर्थकों में भी शामिल रहे हैं. उन्होंने रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रीय सम्मेलनों में भाषण दिए और ट्रंप के चुनाव अभियानों का समर्थन किया. 2024 के रिपब्लिकन नेशनल कन्वेंशन में भी उन्होंने भाषण दिया था.
इस सम्मेलन में व्हाइट ने बताया था कि ट्रंप ने उन्हें दोस्त की तरह फोन किया और अपनी तरफ से बोलने के लिए कहा. ट्रंप ने कहा था, "अगर आप रिपब्लिकन सम्मेलन में मेरी तरफ से बोलेंगे तो मुझे खुशी होगी." डाना व्हाइट ने बिना देर किए उनका यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया था.
व्हाइट हाउस में भी हो चुका है UFC मुकाबला
ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में दोनों की दोस्ती और खुलकर सामने आई. जून में UFC ने व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में 'UFC फ्रीडम 250' मुकाबले आयोजित किए थे. यह कार्यक्रम अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के जश्न का हिस्सा था. ट्रंप और डाना व्हाइट इस कार्यक्रम में साथ पहुंचे थे. तब ट्रंप ने डाना को अपना पुराना दोस्त और सहयोगी बताया था.
डाना व्हाइट ने युवा पुरुष वोटर्स तक ट्रंप की पहुंच बनाने में भी भूमिका निभाई है. UFC से उनके जुड़ाव के कारण फाइटिंग की दुनिया के कई बड़े चेहरे भी ट्रंप के करीब आए हैं. अब ट्रंप ने उन्हें व्हाइट हाउस में प्रेस सचिव की जिम्मेदारी देने का ऑफर दिया है.
aajtak.in