'वापस आएं और कानून का सामना करें', बांग्लादेश ने दोहराई शेख हसीना की घर वापसी की मांग

शेख हसीना की वापसी को लेकर बांग्लादेश ने भारत से फिर मांग दोहराई है. दिल्ली में उनके प्रस्तावित कार्यक्रम पर भी बांग्लादेश ने चिंता जताई है. वहीं, तसलीमा नसरीन की वापसी को लेकर भी बांग्लादेश सरकार ने अपना रुख बताया है.

Advertisement
दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में शेख हसीना के भाषण पर आपत्ति. (Photo: ITG) दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में शेख हसीना के भाषण पर आपत्ति. (Photo: ITG)

इंद्रजीत कुंडू

  • कोलकाता,
  • 04 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 7:43 PM IST

शेख हसीना को लेकर बांग्लादेश ने एक बार फिर भारत के सामने अपनी मांग दोहराई है. बांग्लादेश ने कहा है कि 'शेख हसीना वापस लौटें और वहां की कानूनी प्रक्रिया का सामना करें'. साथ ही उसने कहा कि जब तक वह भारत में हैं, तब तक उन्हें कोई राजनीतिक बयान नहीं देना चाहिए. यह बयान शेख हसीना के दिल्ली में प्रस्तावित कार्यक्रम से पहले आया है.

Advertisement

बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सलाहकार जाहिद उर रहमान ने कहा कि सरकार शेख हसीना को वापस लाना चाहती है. उन्होंने कहा कि भारत को इस बारे में पहले ही जानकारी दी जा चुकी है.

जाहिद उर रहमान के मुताबिक, अगर शेख हसीना वापस लौटना चाहती हैं तो वह आ सकती हैं. बांग्लादेश में उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया चलेगी. उन्हें अपना पक्ष रखने का पूरा अधिकार मिलेगा. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश अदालत का सम्मान करता है और मामले में जो भी फैसला आएगा, उसे स्वीकार किया जाएगा.

यह भी पढ़ें: शेख हसीना के भाषण से पहले बांग्लादेश में खलबली, भारत से लगाई ये गुहार

दिल्ली में कार्यक्रम को लेकर बांग्लादेश ने जताई चिंता

यह बयान ऐसे समय आया है जब शेख हसीना के दिल्ली में एक कार्यक्रम को लेकर चर्चा चल रही है. बांग्लादेश ने इस मामले पर अपनी चिंता भारत के सामने रखी है.

Advertisement

बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारत में मौजूद किसी भी ऐसे व्यक्ति को राजनीतिक गतिविधि करने की अनुमति नहीं मिलनी चाहिए, जिससे बांग्लादेश में अस्थिरता पैदा हो सकती है. मंत्रालय ने कहा कि ऐसी गतिविधियों का असर दोनों देशों के रिश्तों पर पड़ सकता है. इससे पहले भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने बांग्लादेश के विदेश मामलों के सलाहकार से मुलाकात की थी.

बांग्लादेश का कहना है कि दोनों देशों के बीच एक समझौता है, जिसके तहत वह शेख हसीना की वापसी चाहता है. बांग्लादेश ने भारत से इस मुद्दे पर सहयोग की उम्मीद जताई है. वहीं, शेख हसीना को लेकर भारत की तरफ से अभी कोई नया बयान सामने नहीं आया है. दोनों देशों के बीच यह मामला कूटनीतिक स्तर पर चर्चा में बना हुआ है.

तसलीमा नसरीन की वापसी पर भी बयान

इस दौरान बांग्लादेश सरकार ने लेखिका तसलीमा नसरीन की वापसी को लेकर भी बयान दिया. जाहिद उर रहमान ने कहा कि उन्हें वापस लाने के लिए सरकार की ओर से कोई पहल नहीं की जा रही है. तसलीमा अगर वापस आना चाहती हैं तो उन्हें तय कानूनी प्रक्रिया का पालन करना होगा. इसके बाद सरकार अपने स्तर पर फैसला ले सकती है.

कुल मिलाकर बात यह है कि शेख हसीना की वापसी का मुद्दा एक बार फिर भारत और बांग्लादेश के बीच चर्चा में है. बांग्लादेश जहां उन्हें वापस बुलाने की मांग कर रहा है, वहीं शेख हसीना के दिल्ली कार्यक्रम को लेकर भी उसकी नजर बनी हुई है. अब इस मामले में दोनों देशों के बीच आगे की बातचीत पर सबकी नजर रहेगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »