सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक चर्चा के दौरान मंत्री सुलेमान अल राजही के मोबाइल पर इमरजेंसी अलर्ट बजने लगा. घटना तब हुई जब मानव संसाधन और सामाजिक विकास मंत्री अहमद बिन सुलेमान अल राजही भाषण दे रहे थे. सऊदी मंत्री राजही के फोन के साथ हॉल में मौजूद लोगों के मोबाइल पर भी अलर्ट सुनाई दिया. यह चेतावनी ऐसे समय आई, जब यमन के हूती विद्रोहियों के हमलों के बाद सऊदी अरब में सुरक्षा चिंताएं बढ़ी हुई हैं. हालांकि अल राजही ने घबराने के बजाय शांति से लोगों को भरोसा दिलाया और अपना भाषण जारी रखा.
रसिया टुडे ने इस घटना को रिपोर्ट किया है. RT की रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना रियाद इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एग्जिबिशन सेंटर में हुई. मंत्री ने अलर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "हम दुनिया के मालिक की सुरक्षा में हैं. इंशाअल्लाह वह उनकी साजिश को उन्हीं पर पलट दे." इसके बाद उन्होंने अपना संबोधन जारी रखा.
यह घटना 12 से 14 अक्टूबर तक आयोजित 12वें रियाद इकोनॉमिक फोरम के दौरान हुई. इस मंच पर सरकारी अधिकारियों, कारोबारियों, शिक्षाविदों और आर्थिक विशेषज्ञों के शामिल होने की जानकारी दी गई है.
रियाद पर जारी है हूतियों का हमला
सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों का हमला लगातार जारी है.
हूती विद्रोहियों ने बार-बार सऊदी अरब के हवाई अड्डों, सैन्य ठिकानों और तेल से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया है. रियाद के एक निवासी ने अपनी सुरक्षा के कारण नाम न बताने की शर्त पर बताया कि वे उत्तरी रियाद में रहते हैं, जहां किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट स्थित है. पिछले हफ़्ते इस एयरपोर्ट पर कई बार हमले हुए, जिनमें कम से कम 18 लोगों की मौत हुई और 300 से ज़्यादा लोग घायल हुए.
सालों के गृहयुद्ध से मज़बूत हुए हूती विद्रोही इस समय ईरान के सबसे असरदार हथियारबंद प्रॉक्सी के तौर पर उभरे हैं, लेकिन जानकारों का कहना है कि उनका अपना एजेंडा भी है.
सऊदी अरामको पर हमला
इस बीच हूती विद्रोहियों ने दुनिया की सबसे बड़ी तेल कंपनी पर सऊदी अरामको के ऑफिस पर हमला किया है. दो क्षेत्रीय अधिकारियों का कहना है कि सऊदी अरब की बड़ी तेल कंपनी 'अरामको' के हेडक्वार्टर पर रात में हुए हूती हमले में कंपनी के सीनियर अधिकारियों के दफ्तरों को निशाना बनाया गया.
अधिकारियों ने बताया कि सीनियर अधिकारियों के इस्तेमाल वाली बिल्डिंग की सबसे ऊपरी तीन मंजिलों को नुकसान पहुंचा है. एक अधिकारी ने कहा कि जिन दफ्तरों पर हमला हुआ, उनमें कंपनी के चीफ एग्जीक्यूटिव का दफ्तर भी शामिल था. इस हमले में कोई हताहत नहीं हुआ.
aajtak.in