यूक्रेन ने एक बार फिर से रूस पर बड़ा हमला किया है और उसके ऑयल डिपो और केमिकल प्लांट को निशाना बनाया है. हमले से जुड़े वीडियो को यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने खुद एक्स पर पोस्ट किया है.
रूस के रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि रूस के 12 इलाकों के साथ-साथ रूस के कब्ज़े वाले क्रीमिया प्रायद्वीप, काला सागर और आज़ोव सागर पर रात में हुए एक बड़े हमले में रूसी एयर डिफेंस ने 660 यूक्रेनी ड्रोनों को नष्ट किया है.
ऐसा लगता है कि ये चार साल के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक था.
रूस के साथ लंबे समय से चल रहे थकाऊ युद्ध का पासा पलटने की कोशिश में यूक्रेन के लंबी दूरी तक मार करने वाले ड्रोन महीनों से फ्रंट लाइन के पीछे और रूस के अंदर तेल उत्पादन और एनर्जी सेंटर को निशाना बना रहे हैं.
पश्चिमी अधिकारियों और जानकारों का कहना है कि इस अभियान ने रूस की ईंधन सप्लाई और सैन्य डिलीवरी को रोक दिया है, जिससे युद्ध के मैदान में रूस की कोशिशें धीमी पड़ गई हैं और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर दबाव बढ़ गया है.
यह बड़ा हमला तब हुआ जब यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की ने X पर कहा कि उन्होंने "40 दिन के इन्फ्लुएंस ऑपरेशन" का आदेश दिया है. माना जा रहा है कि इसका मतलब हमलों को तेज़ करना है, ताकि रूस को युद्ध खत्म करने के लिए मजबूर किया जा सके.
ज़ेलेंस्की ने एक्स पर लिखा है कि कल रात डिफेंस फोर्सेज़ की यूनिट्स ने क्रास्नोडार इलाके में पोल्तावस्का ऑयल डिपो पर हमला किया. यह टारगेट फ्रंट लाइन से लगभग 300 किलोमीटर दूर था. आज सुबह यूक्रेन की सिक्योरिटी सर्विस ने ऊफ़ा में दो ऑयल रिफाइनरियों बाशनेफ़्ट-ऊफ़ानेफ़्टेखिम और बाशनेफ़्ट-नोवोइल पर हमला किया. यह फ्रंट लाइन से 1,500 किलोमीटर दूर है.
रूस के स्वतंत्र ऑनलाइन आउटलेट 'एस्ट्रा' ने खबर दी कि नोवोमोस्कोव्स्क में एक केमिकल प्लांट और एक हाइड्रोइलेक्ट्रिक प्लांट पर हमला हुआ और उनमें आग लग गई.
मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन ने भी बताया कि रूसी राजधानी की ओर बढ़ रहे 47 यूक्रेनी ड्रोनों को मार गिराया गया. उन्होंने किसी के हताहत होने या किसी नुकसान की जानकारी नहीं दी.
वहीं रूस ने भी जवाबी हमले किए हैं. यूक्रेन का कहना है कि रूसी हमलों में 2 आम नागरिकों की मौत हुई है. यूक्रेनी वायु सेना ने बताया कि यूक्रेन की रक्षा सेना ने रात भर में रूस के 189 में से 174 ड्रोन को रोक दिया। हालांकि, दागी गई सात इस्कंदर-एम बैलिस्टिक मिसाइलों में से चार हवाई सुरक्षा घेरे को भेदकर अलग-अलग जगहों पर गिरीं.
यूक्रेन के अनुसार पिछले 24 घंटों में उत्तर-पूर्वी खार्किव इलाके में रूसी हमलों में दो लोगों की मौत हो गई और सात अन्य घायल हो गए.
सिन्येहुबोव ने कहा कि रूसी सेना ने गाइडेड एरियल बम और कई तरह के ड्रोन का इस्तेमाल करके खार्किव शहर और इलाके की 16 अन्य बस्तियों पर हमले किए.
aajtak.in