स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से गुजर रहे एक ऑयल टैंकर में समुद्री माइन (Sea Mine) से टकराने के बाद विस्फोट हो गया. ईरान की न्यूज एजेंसी तस्नीम (Tasnim) के मुताबिक, टैंकर ईरान की ओर से तय किए गए समुद्री मार्ग से भटक गया था, जिसके बाद वह माइन से टकरा गया और उसमें धमाका हो गया. रिपोर्ट के अनुसार, यह हादसा दुनिया के सबसे रणनीतिक और व्यस्त तेल व्यापार मार्गों में से एक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में हुआ, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है.
हालांकि, इस घटना को लेकर अभी तक ईरानी अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है. इसलिए टैंकर में विस्फोट और उसके कारणों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है. टैंकर की पहचान, उसमें मौजूद क्रू मेंबर्स, यह कहां जा रहा था और किस देश का था, इस घटना में किसी के हताहत होने संबंधी कोई जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
यह भी पढ़ें: बम तो नहीं गिर रहे लेकिन होर्मुज में फिर भी जंग लड़ रहा अमेरिका, ईरान पर फुल प्रेशर
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब खाड़ी क्षेत्र में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच पिछले कई महीनों से तनाव बना हुआ है. फरवरी में अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किए जाने के बाद से ईरान ने प्रभावी रूप से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर रखा है, जिससे दुनिया के सबसे व्यस्त ऊर्जा व्यापार मार्गों में से एक पर समुद्री यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में गिना जाता है. सऊदी अरब, कुवैत समेत खाड़ी के प्रमुख तेल उत्पादक देशों का कच्चा तेल इसी रास्ते एशिया, यूरोप और दुनिया के अन्य बाजारों तक पहुंचता है. ऐसे में इस जलमार्ग में किसी भी तरह की बाधा का असर वैश्विक तेल आपूर्ति और कच्चे तेल की कीमतों पर पड़ता है. यही वजह है कि होर्मुज में होने वाली हर घटना पर दुनिया भर के ऊर्जा बाजारों की पैनी नजर रहती है.
aajtak.in