गाजा पर इजरायली हवाई हमलों की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि इस एयरस्ट्राइक में कम से कम आठ फिलिस्तीनी मारे गए हैं, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं.
इससे पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कथित तौर पर कागज की पतंगें उड़ाए जाने के कारण हमलों को और तेज करने की धमकी दी थी. बच्चों के हाथों में नजर आने वाली पतंगें अब इजरायल के लिए सुरक्षा का मुद्दा बन गई हैं.
बता दें, रविवार को इजरायल ने अज-जवायदा में एक गोदाम पर मिसाइलें दागीं, जिससे वह मलबे में तब्दील हो गया, और फिर सलाह अल-दीन स्ट्रीट के पास हमले किए, जिसमें चार साल के मुहम्मद अब्देल सलाम ताहा की मौत की जानकारी मिली.
इस बीच बताया जा रहा है कि इजरायल के पीएम नेतन्याहू और इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने सेना के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की.
मीटिंग में गाजा से आने वाली पतंगों को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा की गई. रक्षा मंत्री काट्ज ने सेना को इन लॉन्चिंग का जवाब जोरदार तरीके देने का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि पतंगों को ड्रोन की तरह ही माना जाएगा, चाहे उनमें विस्फोटक हों या फिर नहीं. उन्होंने यह तक कहा कि पतंगों को उड़ाने के लिए हमास कमांडरों को निशाना बनाया जा सकता है.
वहीं, इससे पहले इजरायल के राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्री इतामार बेन-ग्विर ने गाजा में इजरायली हमलों को और तेज करने की मांग की थी. उन्होंने कहा है कि हर रात 30 से 40 लोगों को मार देना चाहिए.
उन्होंने यह बयान गाजा के पूर्व बंधक रोम ब्रास्लावस्की के साथ एक पॉडकास्ट में दिया. उन्होंने ने पीएम नेतन्याहू पर भी निशाना साधा और कहा था कि हाल के दिनों में गाजा पर इजरायली हमलों में कमी आई है, जिससे वे सहमत नहीं हैं.
aajtak.in