ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने शुक्रवार को होर्मुज स्ट्रेट को पूरी तरह से खोलने की घोषणा कर दी है. इस घोषणा के बाद एक सीनियर ईरानी अधिकारी ने कहा है कि सभी जहाज होर्मुज स्ट्रेट से गुजर सकते हैं, लेकिन इसके लिए ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के साथ संपर्क में रहकर रास्ता पार करना जरूरी होगा. उन्होंने यह भी कहा कि होर्मुज खोलने के लिए रखी गई शर्तों में फ्रीज किए गए ईरानी फंड्स को आजाद करना शामिल था.
विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने एक्स पर लिखा कि लेबनान में युद्धविराम समझौता होने के बाद स्ट्रेट खोल दिया गया है. वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि ईरान युद्ध खत्म करने का समझौता जल्द हो जाएगा, हालांकि इसकी समयसीमा अभी स्पष्ट नहीं है.
ईरानी अधिकारी ने कहा कि जहाजों की आवाजाही केवल उन मार्गों तक सीमित रहेगी जिन्हें ईरान सुरक्षित मानेगा. उन्होंने कहा कि सैन्य जहाजों को अब भी स्ट्रेट पार करने की इजाजत नहीं होगी.
उन्होंने कहा, 'अमेरिकी जहाजों को भी होर्मुज से गुजरने की इजाजत होगी, लेकिन सैन्य जहाजों को नहीं.' अधिकारी ने बताया कि होर्मुज के कुछ रास्ते खुले रहेंगे, लेकिन कौन से रास्ते सुरक्षित हैं, इसका फैसला ईरान करेगा.
उन्होंने कहा, 'जहाजों की आवाजाही ईरान के साथ समन्वय में होगी, शिपिंग की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रिवोल्यूशनरी गार्ड्स और ईरान के पोर्ट्स एंड मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन से इजाजत लेनी होगी.'
शिपिंग उद्योग संगठनों ने कहा कि वो होर्मुज खोलने की घोषणा के बाद से वो स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं.
संयुक्त राष्ट्र की शिपिंग एजेंसी इंटरनेशनल मैरीटाइम ऑर्गनाइजेशन (IMO) के महासचिव आर्सेनियो डोमिंगुएज ने कहा, 'हम होर्मुज स्ट्रेट दोबारा खोलने की हालिया घोषणा की पुष्टि कर रहे हैं. हम पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या यह सभी कमर्शियल जहाजों की आवाजाही की आजादी के लिए है या नहीं.'
अब्बास अरागची ने सोशल मीडिया पोस्ट से की होर्मुज खोलने की घोषणा
शुक्रवार को ईरानी विदेश मंत्री अराघची ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि सीजफायर, जो कि 22 अप्रैल को खत्म हो रहा है, के बाकी बचे समय के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सभी कमर्शियल जहाजों के लिए आवागमन पूरी तरह खोल दिया गया है.
उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, 'लेबनान में सीजफायर के बाद सभी कमर्शियल जहाजों के लिए होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने का रास्ता सीजफायर की बाकी अवधि पूरी तरह खोला जाता है.'
फरवरी में अमेरिका-इजरायल के हमलों के जवाब में ईरान ने दुनिया से अहम व्यापारिक समुद्री रास्ते को बंद कर दिया था.
aajtak.in