यूरोप में हीटवेव के बीच अमेरिका भी इस समय भीषण गर्मी की मार झेल रहा है. हालात इतने खराब हो गए हैं कि कई शहरों में स्थानीय प्रशासन को लोगों की जान बचाने के लिए खास इंतजाम करने पड़ रहे हैं. राष्ट्रीय मौसम सेवा (NWS) के मुताबिक, देश के मध्य और पूर्वी हिस्सों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच सकता है, जबकि नमी की वजह से महसूस होने वाला तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.
यह भी पढ़ें: Europe Heatwave 2026: पिघल रहा है यूरोप, भीषण गर्मी से हाहाकार! हीटवेव की चेतावनी
अमेरिका में इस समय 6 करोड़ से ज्यादा लोग हीट अलर्ट के दायरे में हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में कई शहरों में वर्षों पुराने तापमान के रिकॉर्ड टूट सकते हैं. यह भीषण गर्मी 4 जुलाई के स्वतंत्रता दिवस की छुट्टियों तक जारी रहने की आशंका है.
शिकागो प्रशासन ने हालात को देखते हुए पूरे शहर में कूलिंग सेंटर खोल दिए हैं. इसके अलावा बुजुर्गों और बीमार लोगों का हालचाल जानने के लिए सरकारी कर्मचारियों की टीमें भी भेजी जा रही हैं.
शहर-शहर में बनाए जा रहे कूलिंग सेंटर्स
न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने गर्मी से निपटने के लिए एक खास योजना शुरू की है. इसके तहत लोगों को मुफ्त पीने का पानी मुहैया कराने के लिए मोबाइल वैन चलाई जा रही हैं. शहर में जगह-जगह अस्थायी कूलिंग स्टेशन बनाए गए हैं, जहां मिस्टिंग फैन और कूलिंग तौलिए की व्यवस्था की गई है ताकि लोग कुछ देर राहत महसूस कर सकें.
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में भी गुरुवार से शनिवार तक तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. इसी दौरान यहां देश के 250वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भव्य आतिशबाजी का आयोजन भी होना है.
धूप में निकलने, पानी पीते रहने की सलाह
स्वास्थ्य एजेंसियों ने लोगों से धूप में कम निकलने, पर्याप्त पानी पीने और हीट स्ट्रोक के लक्षणों पर नजर रखने की अपील की है. अधिकारियों ने बच्चों को बंद कारों में छोड़ने से भी सख्त मना किया है. इस साल अब तक अमेरिका में गर्म कार के अंदर फंसने से 9 बच्चों की मौत हो चुकी है.
यह भी पढ़ें: तपती गर्मी से ब्रिटेन में हाहाकार... हीटवेव के बीच घरों से AC हटाने पर तुली सरकार
भीषण गर्मी का असर खेलों पर भी पड़ रहा है. अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में चल रहे फीफा वर्ल्ड कप के कई मुकाबले तेज गर्मी में खेले जा रहे हैं. कुछ मैचों में खिलाड़ियों और दर्शकों को हीट से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा, जबकि पहले भी खराब मौसम की वजह से एक मुकाबला करीब दो घंटे तक रोकना पड़ा था. फिलहाल मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिन अमेरिका के लिए और भी चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं.
aajtak.in