भूकंप के जोरदार झटकों ने क्यूबा और ईरान दोनों को हिला दिया. भारतीय टाइम के मुताबिक, सोमवार की देर रात क्यूबा के उत्तर-पश्चिमी तट पर एक शक्तिशाली भूकंप आया, जबकि मंगलवार तड़के दक्षिणी ईरान में एक अलग भूकंप के झटके महसूस किए गए.
क्यूबा के पास आए 6.1 तीव्रता के भूकंप के झटके कैरिबियन, मैक्सिको और फ्लोरिडा के कुछ हिस्सों में महसूस किए गए, जबकि ईरान में 5.0 तीव्रता का भूकंप होर्मोज़गान प्रांत में आया. दोनों देशों के अधिकारियों ने तत्काल किसी बड़े नुकसान या हताहत की सूचना नहीं दी है.
क्यूबा में लगभग 150 साल बाद आया ऐसा भूकंप
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के मुताबिक, क्यूबा के उत्तर-पश्चिमी तट पर 6.1 तीव्रता का भूकंप आया, जिसे विशेषज्ञों ने इस क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक रूप से शक्तिशाली और असामान्य बताया है.
यह उथला भूकंप 26 किलोमीटर की गहराई पर आया, जिसका केंद्र पश्चिमी क्यूबा में मंटुआ से लगभग 104 किलोमीटर पश्चिम-उत्तर-पश्चिम में था, जो हवाना से सड़क मार्ग से लगभग दो से चार घंटे की दूरी पर है.
एक्सपर्ट पॉल अर्ल ने कहा कि यह भूकंप असामान्य था क्योंकि यह एक टेक्टोनिक प्लेट के अंदर आया था, न कि प्लेट बाउंड्री के साथ जहां आमतौर पर अधिक शक्तिशाली भूकंप केंद्रित होते हैं.
उन्होंने बताया कि 1880 में सैन क्रिस्टोबल के पास आए अनुमानित 6.0 तीव्रता के भूकंप के बाद से इस क्षेत्र के 322 किलोमीटर के दायरे में ऐसा कोई भूकंप नहीं आया था.
पश्चिमी क्यूबा में भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे निवासी तुरंत बाहर निकल आए. रॉयटर्स की खबर के मुताबिक, वहां जनता बोली कि भूकंप बहुत तेज था. पहले कभी ऐसा कुछ महसूस नहीं किया था.
फ्लोरिडा और मैक्सिको के युकाटन प्रायद्वीप के कुछ हिस्सों, जिनमें कैनकन, प्लाया डेल कारमेन और टुलम शामिल हैं, में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए. एहतियात के तौर पर कैनकन में इमारतों को खाली करा लिया गया, जबकि मैक्सिको के युकाटन और क्विंटाना रू राज्यों में अधिकारियों ने आपातकालीन प्रोटोकॉल लागू किया गया.
क्यूबा में भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया.
दक्षिणी ईरान में भी भूकंप आया
ईरानी सरकारी मीडिया के मुताबिक, मंगलवार तड़के ईरान के दक्षिणी प्रांत होर्मोजगान के सरगाज में 5.0 तीव्रता का भूकंप आया.
भूकंप का केंद्र सतह से 22 किलोमीटर की गहराई पर था. तत्काल किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं मिली है.
ईरान दुनिया के सबसे अधिक भूकंपीय रूप से सक्रिय देशों में से एक है और कई प्रमुख फॉल्ट लाइनों पर स्थित होने के कारण यहां अक्सर भूकंप आते रहते हैं.
इससे पहले सोमवार को ही फिलीपींस में 7.8 तीव्रता वाला शक्तिशाली भूकंप आया था. इसी दिन भूटान में भी भूकंप आया था. जिसके झटके असम, नेपाल और चीन में भी लगे थे.
aajtak.in