अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि ईरान का शीर्ष सैन्य नेतृत्व लगभग खत्म हो चुका है. उन्होंने कहा कि ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के बेटे मोजतबा खामेनेई भी '90 प्रतिशत खत्म' हो चुके हैं. यह बयान अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे तनाव के बीच आया है.
राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी ऐलान किया कि अमेरिका ईरान पर फिर से नाकाबंदी लगाएगा और होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से सुरक्षित रास्ते के लिए पैसे वसूलेगा. इस पर ईरान ने तीखी प्रतिक्रिया दी है.
फॉक्स न्यूज को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि हाल ही में अमेरिका और इजरायल के हमलों ने ईरान की सैन्य ताकत को बुरी तरह तोड़ दिया है. उन्होंने कहा कि ईरान के पास अब न नौसेना बची है, न वायुसेना, और उसकी हवाई सुरक्षा प्रणाली भी खत्म हो चुकी है.
राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया कि ईरान के बड़े नेता मारे जा चुके हैं और खामेनेई भी खत्म हो चुके हैं. गौरतलब है कि अली खामेनेई फरवरी के आखिर में अमेरिका और इजरायल के हमलों की पहली लहर में मारे गए थे.
यह भी पढ़ें: होर्मुज में हद पार कर रहा ईरान, ओमान साइड में जहाजों को बना रहा निशाना, MAP से समझिए पूरे इलाके का भूगोल
राष्ट्रपति ट्रंप ने यह भी कहा कि मोजतबा खामेनेई, जिन्हें अपने पिता का उत्तराधिकारी माना जा रहा था, अब लगभग खत्म हो चुके हैं. बताया जा रहा है कि मोजतबा एक हवाई हमले में घायल हुए थे और इसी वजह से वे अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे.
पिछले सप्ताहांत अमेरिका और ईरान के बीच फिर से हमलों का सिलसिला चला, जिससे तनाव और बढ़ गया. ट्रंप ने कहा कि अमेरिका होर्मुज का 'रक्षक' बनेगा. उन्होंने लिखा कि यह जलमार्ग खुला है और खुला रहेगा, लेकिन सिर्फ ईरान के जहाजों को रोका जाएगा. उन्होंने अन्य देशों से इस सुरक्षा के लिए 20 प्रतिशत रकम मांगने का भी प्रस्ताव रखा.
इस पर ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कड़ी आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि होर्मुज का असली रक्षक हमेशा से ईरान रहा है और आगे भी रहेगा. उन्होंने 20 प्रतिशत की मांग को बहुत ज्यादा बताया.
aajtak.in