ईरान में खामेनेई के अंतिम संस्कार पर डोनाल्ड ट्रंप का तंज, बोले- हमने ईरान को एक हफ्ते की छूट दी

ईरान में पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की एक हफ्ते तक चलने वाली अंतिम विदाई शुरू हो गई है. इसी बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने माउंट रशमोर में हुई सभा में तंज कसते हुए कहा कि अमेरिका ने ईरान को अंतिम संस्कार के लिए एक हफ्ते का समय इसलिए दिया क्योंकि वे अच्छे लोग हैं.

Advertisement
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमने ईरान को मोहलत दी है (Photo: Reuters) डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमने ईरान को मोहलत दी है (Photo: Reuters)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 04 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:34 AM IST

ईरान में अमेरिका और इजरायल के हमले में मारे गए पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की एक हफ्ते तक चलने वाली राजकीय अंतिम विदाई शुरू हो चुकी है. पूरे देश में गमगीन माहौल है और लोग नम आंखों से अपने नेता को विदाई दे रहे हैं. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तेहरान पर तंज कसते हुए कहा कि अमेरिका ने ईरान को अंतिम संस्कार के लिए एक हफ्ते का समय इसलिए दिया क्योंकि वाशिंगटन "अच्छा" देश है.

Advertisement

दरअसल खामेनेई की मौत 28 फरवरी को हुई थी. यह वो दिन था जब अमेरिका और इजरायल के बीच ईरान के खिलाफ जंग की शुरुआत हुई थी. खामेनेई एक साझा अमेरिकी इजरायली हवाई हमले में मारे गए थे. इस हमले में उनके साथ उनके परिवार के कई सदस्य भी मारे गए, जिनमें उनकी बेटी, दामाद, नवजात पोती और बहू शामिल हैं.

अब जब ईरान अपने पूर्व सर्वोच्च नेता को अंतिम विदाई दे रहा है, इसी दौरान ट्रंप ने अपने बयान से एक बार फिर सुर्खियां बटोर ली हैं. अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस समारोह के जश्न से पहले माउंट रशमोर में हुई एक बड़ी सभा को संबोधित करते हुए ट्रंप ने ईरान के साथ हाल ही में हुए संघर्ष का जिक्र किया और अपने प्रशासन की सैन्य कार्रवाई को सही ठहराया.

यह भी पढ़ें: 'हमारी सभी शर्तें मानी...' डोनाल्ड ट्रंप बोले- ईरान संग समझौते के करीब अमेरिका

Advertisement

भीड़ को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि हमने ईरान को बुरी तरह तबाह कर दिया. वे समझौता करने के लिए बेताब हैं. वे बहुत बुरी तरह सुलह करना चाहते हैं. हमने उन्हें अंतिम संस्कार के लिए एक हफ्ते की छूट दी क्योंकि हम अच्छे लोग हैं. ट्रंप की इस टिप्पणी पर मौजूद भीड़ में जोरदार तालियां बजीं और हल्की हंसी भी गूंजी.

गौरतलब है कि खामेनेई पिछले कई दशकों से ईरान के सर्वोच्च नेता थे. उनकी मौत अमेरिका और इजरायल के बीच ईरान के खिलाफ छिड़े संघर्ष के शुरुआती दौर में ही हो गई थी. उनके परिवार के कई सदस्यों की मौत ने इस हमले को और भी दर्दनाक बना दिया.  

राष्ट्रपति ट्रंप के बयान से साफ है कि अमेरिका ईरान के साथ जंग को लेकर अभी भी सख्त रुख अपनाए हुए है और समझौते की उम्मीद पर भी तंज कसने से पीछे नहीं हट रहा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »