अमेरिका में जल्द ही 250 डॉलर का नया करेंसी नोट देखने को मिल सकता है. सबसे बड़ी बात यह है कि इस नोट पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर हो सकती है. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप प्रशासन के कुछ वरिष्ठ अधिकारी इस प्रस्ताव को आगे बढ़ाने में जुटे हैं और इसके लिए कांग्रेस की मंजूरी लेने की तैयारी चल रही है.
वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी ट्रेजरर ब्रैंडन बीच और उनके वरिष्ठ सलाहकार माइक ब्राउन ने ट्रेजरी डिपार्टमेंट के ब्यूरो ऑफ एनग्रेविंग एंड प्रिंटिंग (BEP) के अधिकारियों से 250 डॉलर के नोट का प्रोटोटाइप तैयार करने को कहा है. बताया गया है कि पिछले साल अगस्त और सितंबर में इस नोट के कई मॉक-अप डिजाइन भी तैयार किए गए थे.
एक डिजाइन में ट्रंप की तस्वीर को नोट के बीच में दिखाया गया है, जबकि दोनों तरफ राष्ट्रपति और ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट के हस्ताक्षर हैं. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि डिजाइन तैयार करने वाले ब्रिटिश आर्टिस्ट इयान अलेक्जेंडर ने खुद ट्रंप से इस पर चर्चा की थी. ट्रंप ने कथित तौर पर डिजाइन में अमेरिकी झंडे के रंग और अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ का लोगो जोड़ने का सुझाव दिया था.
160 साल पुराना कानून तोड़ना होगा
हालांकि इस प्रस्ताव के सामने सबसे बड़ी कानूनी चुनौती अमेरिकी कानून है. अमेरिका में मौजूदा नियमों के मुताबिक किसी जीवित व्यक्ति की तस्वीर करेंसी नोट पर नहीं छापी जा सकती. यह कानून 1866 से लागू है. यानी पिछले 160 सालों में अमेरिका की करेंसी पर किसी भी जीवित व्यक्ति की तस्वीर नहीं छापी गई है.
तब ट्रेजरी विभाग के एक मध्यम स्तर के अधिकारी ने 5-सेंत के नोट पर अपनी तस्वीर छाप दी थी, जिसके बाद इस पर हमेशा के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया था. ऐसे में ट्रंप की तस्वीर नोट पर छापने के लिए अमेरिकी संसद (कांग्रेस) को एक नया कानून पास करना होगा, जिसके लिए पिछले साल एक बिल भी पेश किया गया था.
अगले साल अमेरिका मनाएगा आजादी की 250वीं वर्षगांठ
दरअसल, अमेरिका अगले साल अपनी आजादी की 250वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है और इसी को लेकर ट्रंप प्रशासन कई बड़े प्रतीकात्मक प्रोजेक्ट्स की तैयारी कर रहा है. इसी क्रम में 250 डॉलर का स्मारक नोट और ट्रंप की तस्वीर वाला गोल्ड कॉइन चर्चा में है.
इससे पहले यह भी घोषणा की गई थी कि ट्रंप की तस्वीर वाला 24 कैरेट गोल्ड कॉइन जारी किया जाएगा. अगर ऐसा होता है तो ट्रंप अमेरिकी इतिहास में दूसरे ऐसे जीवित राष्ट्रपति होंगे, जिनकी तस्वीर किसी सिक्के पर दिखाई देगी. इससे पहले 1926 में अमेरिका के 30वें राष्ट्रपति कैल्विन कूलिज को जॉर्ज वॉशिंगटन के साथ एक स्मारक सिक्के पर जगह मिली थी.
अमेरिकी ट्रेजरी विभाग ने बयान जारी कर कहा है कि प्रस्तावित कानून को ध्यान में रखते हुए जरूरी तैयारी और कानूनी प्रक्रिया पर काम किया जा रहा है. विभाग का कहना है कि अगर कांग्रेस से मंजूरी मिलती है, तो 250वीं वर्षगांठ के मौके पर यह विशेष नोट जारी किया जा सकता है.
aajtak.in