बिना जंग ही ताइवान जीत जाएंगे जिनपिंग? विपक्षी नेता को चीन बुलाकर खेल बदलने की कोशिश

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और ताइवान की विपक्षी नेता चेंग ली-वुन की मुलाकात ने नई बहस छेड़ दी है. क्या चीन अब बिना जंग के ताइवान को अपने साथ जोड़ने की रणनीति पर काम कर रहा है? इस कूटनीतिक चाल ने एशिया की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है.

Advertisement
ताइवानी विपक्षी नेता चेंग ली-वुन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग. (Photo- ITG) ताइवानी विपक्षी नेता चेंग ली-वुन, चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग. (Photo- ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 10 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 11:33 AM IST

बीजिंग में हुई जिनपिंग और ताइवानी विपक्षी नेता की अहम मुलाकात ने एशिया की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है. राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने ताइवान की विपक्षी पार्टी कुओमितांग (KMT) की नेता चेंग ली-वुन से मुलाकात की है. इस बैठक के बाद सबसे बड़ा सवाल यही उठ रहा है कि क्या चीन अब ताइवान को बिना जंग के अपने साथ जोड़ने की रणनीति पर काम कर रहा है?

Advertisement

यह मुलाकात कई मायनों में खास मानी जा रही है, क्योंकि पिछले एक दशक में पहली बार ताइवान की किसी प्रमुख विपक्षी नेता ने चीन का दौरा किया है. बीजिंग में बातचीत के दौरान जिनपिंग ने साफ कहा, "दोनों तरफ के लोग एक होंगे, यह इतिहास की अनिवार्य दिशा है. हमें इस पर पूरा भरोसा है." उनका यह बयान सीधे तौर पर चीन के उस लंबे रुख को दोहराता है, जिसमें वह ताइवान को अपना हिस्सा मानता है.

यह भी पढ़ें: अब क्या करेंगे शहबाज शरीफ? जंग रुकवाने का ले रहे थे क्रेडिट, उधर इजरायल ने फिर कर दिया हमला

चीन लंबे समय से कहता आया है कि ताइवान एक दिन उसके साथ जुड़ जाएगा, ये काम चाहे शांति से या जरूरत पड़ी तो सैन्य ताकत से. लेकिन इस बार जिस तरह से विपक्षी नेता को आमंत्रित किया गया, उसने इस रणनीति को नया मोड़ दे दिया है. इसे "सॉफ्ट पावर" या राजनीतिक प्रभाव के जरिए ताइवान को करीब लाने की कोशिश माना जा रहा है.

Advertisement

ताइवानी विपक्षी नेता ने की शांति की बात

दूसरी तरफ, चेंग ली-वुन ने भी बातचीत में शांति की बात कही. उन्होंने कहा, "ताइवान स्ट्रेट अब टकराव का केंद्र नहीं होना चाहिए. दोनों पक्षों को राजनीतिक मतभेद से ऊपर उठकर ऐसा समाधान खोजना चाहिए जिससे युद्ध टाला जा सके." उनका यह बयान ताइवान में चल रही उस बहस को और तेज करता है, जिसमें कुछ लोग चीन के साथ रिश्ते सुधारने के पक्ष में हैं.

हालांकि, ताइवान की सत्तारूढ़ पार्टी और वर्तमान राष्ट्रपति लाई चिंग-ते इस पूरी प्रक्रिया को शक की नजर से देख रहे हैं. उन्होंने साफ कहा, "चीन लगातार सैन्य दबाव बना रहा है और यह क्षेत्रीय शांति के लिए खतरा है." उनका आरोप है कि चीन "ग्रे-जोन" रणनीति के तहत दबाव बनाकर ताइवान को झुकाने की कोशिश कर रहा है.

यह भी पढ़ें: समंदर में गोल-गोल चक्कर... पहले चीन जा रहा था तेल टैंकर, फिर अचानक भारत की ओर मुड़ गया

ताइवान के आसपास चीन ने बढ़ाई सैन्य गतिविधियां

पिछले कुछ सालों में चीन ने ताइवान के आसपास सैन्य गतिविधियां काफी बढ़ा दी हैं. फाइटर जेट्स, युद्धपोत और बड़े सैन्य अभ्यास लगभग रोजमर्रा का हिस्सा बन चुके हैं. यही वजह है कि इस मुलाकात को सिर्फ कूटनीति नहीं, बल्कि एक बड़ी रणनीतिक चाल के तौर पर देखा जा रहा है.

Advertisement

विशेषज्ञों का मानना है कि चीन अब दोहरी रणनीति पर काम कर रहा है. एक तरफ सैन्य दबाव और दूसरी तरफ राजनीतिक संवाद. अगर यह रणनीति सफल होती है, तो चीन बिना जंग के ही ताइवान पर प्रभाव बढ़ा सकता है. फिलहाल, यह साफ है कि बीजिंग की यह पहल सिर्फ एक मुलाकात नहीं,बल्कि एक बड़ा संकेत है. आने वाले समय में यह तय करेगा कि ताइवान का भविष्य युद्ध से तय होगा या बातचीत से.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »