चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत आ सकते हैं. अगर यह दौरा तय होता है, तो कोविड-19 महामारी और 2020 के गलवान सीमा विवाद के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा होगी. मिडिल ईस्ट की जंग के बीच अगर शी जिनपिंग भारत आते हैं तो यह काफी अहम दौरा हो सकता है.
भारत 12-13 सितंबर को BRICS शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा. इस सम्मेलन में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भी शामिल होने की संभावना है. क्रेमलिन पहले ही पुतिन की भारत यात्रा के संकेत दे चुका है.
यह भी पढ़ें: इस्लामाबाद जाएंगे पीएम मोदी? SCO समिट का न्योता भेजने की तैयारी में पाकिस्तान
BRICS के सदस्य देश के तौर पर ईरान भी इस सम्मेलन में हिस्सा लेगा. हालांकि, ईरान की तरफ से किस स्तर का प्रतिनिधिमंडल आएगा, इस पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है.
पीएम मोदी अगले महीने जाएंगे किर्गिस्तान
BRICS सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगले महीने किर्गिस्तान में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में रूस, चीन और ईरान के शीर्ष नेताओं से मुलाकात करने की भी संभावना है.
यह SCO शिखर सम्मेलन अमेरिका-ईरान संघर्ष शुरू होने के बाद सदस्य देशों की पहली शीर्ष बैठक होगी. ऐसे में क्षेत्रीय सुरक्षा, पश्चिम एशिया के हालात, व्यापार और बहुपक्षीय सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा अहम रहने की उम्मीद है.
अगर शी जिनपिंग भारत आते हैं, तो इसे भारत-चीन संबंधों के लिहाज से एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक घटनाक्रम माना जाएगा. दोनों देशों के बीच सीमा विवाद और तनाव के बावजूद शीर्ष नेतृत्व की यह मुलाकात द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने की दिशा में अहम मानी जा रही है.
यह भी पढ़ें: 'आप Gen-Z को धमका नहीं सकते', राहुल गांधी ने फिर पीएम मोदी और अमित शाह पर साधा निशाना
पाकिस्तान से भी पीएम मोदी को आ सकता है न्योता
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की संभावित भारत यात्रा की चर्चाओं के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी पाकिस्तान से न्योता मिल सकता है. पाकिस्तान ने संकेत दिए हैं कि 2027 में इस्लामाबाद में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के लिए पीएम मोदी को आधिकारिक निमंत्रण भेजा जाएगा.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि मेजबान देश होने के नाते SCO के सभी सदस्य देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकार प्रमुखों को आमंत्रित करना उसकी अनिवार्य जिम्मेदारी है. पाकिस्तान सितंबर 2026 में SCO की अध्यक्षता संभालेगा और 2027 में इस्लामाबाद में इस शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा.
प्रणय उपाध्याय