कनाडा में नौकरी करने या किसी तरह का काम करने की योजना बना रहे ज्यादातर विदेशी नागरिकों को वर्क परमिट लेना पड़ता है लेकिन कनाडा के इमिग्रेशन नियमों में कुछ ऐसी परिस्थितियां भी हैं, जिनमें लोग बिना वर्क परमिट के काम कर सकते हैं. यह छूट सभी के लिए नहीं होती, बल्कि केवल कुछ खास लोगों को दी जाती है.
कनाडा के इमिग्रेशन नियमों के अनुसार बिजनेस विजिटर, विदेशी कंपनी के लिए रिमोट काम करने वाले डिजिटल नोमैड और कुछ अंतरराष्ट्रीय छात्र बिना वर्क परमिट के काम करने के पात्र हो सकते हैं. हालांकि, इन सभी मामलों में कुछ शर्तें लागू होती हैं और व्यक्ति को यह साबित करना होता है कि वह निर्धारित नियमों का पालन कर रहा है.
1. बिजनेस विजिटर
अगर कोई व्यक्ति व्यापारिक गतिविधियों के लिए कनाडा आता है, लेकिन कनाडाई श्रम बाजार का हिस्सा नहीं बनता, तो वह बिजनेस विजिटर की श्रेणी में आ सकता है. ऐसे लोगों को आमतौर पर वर्क परमिट की जरूरत नहीं होती. इसके लिए जरूरी है कि व्यक्ति किसी कनाडाई कंपनी का कर्मचारी न हो. उसका वेतन और अन्य आर्थिक लाभ कनाडा के बाहर से मिलना चाहिए और उसका मुख्य व्यवसाय भी विदेश में ही होना चाहिए.
इसके अलावा उसकी गतिविधियां ऐसी नहीं होनी चाहिए जो कनाडाई कर्मचारियों के साथ प्रतिस्पर्धा करती हों. उदाहरण के तौर पर बिजनेस मीटिंग में भाग लेना, ट्रेड शो या प्रदर्शनियों में शामिल होना, निदेशक मंडल की बैठकों में जाना या अपनी विदेशी कंपनी के लिए कनाडा से सामान और सेवाएं खरीदना इस श्रेणी में शामिल हो सकता है.
कुछ मामलों में विदेश से खरीदे गए विशेष उपकरणों की मरम्मत, परीक्षण या तकनीकी सहायता प्रदान करने वाले लोग भी बिजनेस विजिटर की श्रेणी में आ सकते हैं.
बिजनेस विजिटर को कनाडा में आमतौर पर छह महीने तक रहने की अनुमति मिल सकती है, लेकिन अंतिम निर्णय सीमा अधिकारी की जांच और परिस्थितियों पर निर्भर करता है.
2. डिजिटल नोमैड और रिमोट वर्कर
दुनियाभर में बढ़ते रिमोट वर्क के दौर में कई लोग किसी एक देश में रहकर दूसरे देश की कंपनी के लिए काम करते हैं. ऐसे लोगों को डिजिटल नोमैड कहा जाता है.
अगर कोई व्यक्ति कनाडा में रहकर किसी विदेशी कंपनी के लिए ऑनलाइन काम कर रहा है, तो उसे वर्क परमिट की जरूरत नहीं हो सकती लेकिन इसके लिए कंपनी का कनाडा में कोई ऑफिस, कारोबार या वित्तीय संबंध नहीं होना चाहिए.
साथ ही व्यक्ति को कनाडाई ग्राहकों को सेवाएं नहीं देनी चाहिए और उसकी आय भी कनाडा के बाहर से आनी चाहिए यानी वह कनाडा के श्रम बाजार में सीधे तौर पर शामिल नहीं होना चाहिए.
सॉफ्टवेयर डेवलपर, डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ, बिजनेस कंसल्टेंट, कंटेंट क्रिएटर और ऑनलाइन ट्यूटर जैसे कई पेशेवर इस श्रेणी में आ सकते हैं.
ऐसे लोगों को आमतौर पर विजिटर वीजा या इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन (eTA) के जरिए कनाडा में प्रवेश की अनुमति मिलती है और वे छह महीने तक वहां रह सकते हैं. अगर उन्हें अधिक समय तक रहना हो तो अलग से आवेदन करना पड़ सकता है.
3. अंतरराष्ट्रीय छात्र
कनाडा में पढ़ाई कर रहे कई अंतरराष्ट्रीय छात्र भी बिना अलग वर्क परमिट के काम कर सकते हैं. हालांकि इसके लिए उनके स्टडी परमिट में काम करने की अनुमति का उल्लेख होना जरूरी है.
नियमों के अनुसार छात्र कैंपस के अंदर सालभर असीमित घंटे काम कर सकते हैं. वहीं नियमित शैक्षणिक सत्र के दौरान कैंपस के बाहर हफ्ते में अधिकतम 24 घंटे काम करने की अनुमति होती है. गर्मी और सर्दी की छुट्टियों जैसी आधिकारिक ब्रेक के दौरान वे असीमित घंटे काम कर सकते हैं.
इसके लिए छात्र का किसी मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थान में दाखिला होना चाहिए और उसके पास वैध स्टडी परमिट होना जरूरी है. इसके अलावा नौकरी शुरू करने से पहले सोशल इंश्योरेंस नंबर (SIN) प्राप्त करना भी जरूरी होता है. सोशल इंश्योरेंस नंबर कनाडा में भारत के आधार नंबर जैसा होता है.
अगर कोई छात्र निर्धारित सीमा से अधिक घंटे काम करता है, तो इसे स्टडी परमिट की शर्तों का उल्लंघन माना जा सकता है. इसके कारण उसका छात्र दर्जा प्रभावित हो सकता है और भविष्य में वीजा या परमिट से जुड़े आवेदन भी प्रभावित हो सकते हैं.
अन्य लोगों को भी मिल सकती है छूट
इन तीन प्रमुख श्रेणियों के अलावा कुछ अन्य लोगों को भी बिना वर्क परमिट के काम करने की अनुमति मिल सकती है. इनमें विदेशी राजनयिक, पत्रकार, खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी, धार्मिक कार्यकर्ता, गेस्ट स्पीकर और आपातकालीन सेवाएं देने वाले कर्मचारी शामिल हैं. हालांकि, अधिकांश विदेशी नागरिकों के लिए कनाडा में काम शुरू करने से पहले वर्क परमिट लेना अब भी जरूरी है.
हुमरा असद