कनाडा में अब माता-पिता को नहीं मिलेगा PR, सरकार ने बंद की PGP स्पॉन्सरशिप

कनाडा में दूसरे देशों से आकर रहने वाले नागरिकों और परमानेंट रेजिडेंट्स (PR holders) को फैमिली स्पॉन्सरशिप पर बड़ा झटका लगा है. सरकार ने Parents and Grandparents Program (PGP) में नए आवेदन लेने की प्रक्रिया रोक दी है. अब माता-पिता और दादा-दादी को कनाडा बुलाकर PR दिलाने की योजना बना रहे लोगों को नए मौके के लिए इंतजार करना होगा.

Advertisement
भारतीय परिवारों पर सीधा असर भारतीय परिवारों पर सीधा असर

हुमरा असद

  • टोरंटो,
  • 17 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 10:16 AM IST

कनाडा सरकार ने इमिग्रेशन नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए Parents and Grandparents Program (PGP) के नए आवेदन फिलहाल बंद कर दिए हैं. इमिग्रेशन विभाग (IRCC) ने कहा है कि अगले आदेश तक न तो नए Interest to Sponsor Forms स्वीकार किए जाएंगे और न ही नए आवेदकों को PR स्पॉन्सरशिप के लिए आवेदन का मौका मिलेगा.

कनाडा में रहने वाले हजारों परिवारों के लिए यह बड़ा झटका है. अब वे अपने माता-पिता या दादा-दादी को स्थायी निवास (Permanent Residence) दिलाने के लिए Parents and Grandparents Program (PGP) में नया आवेदन जमा नहीं कर पाएंगे.

Advertisement

कनाडा सरकार ने 15 जुलाई 2026 को जारी बयान में बताया कि PGP के तहत नए आवेदनों की प्रक्रिया को रोक दिया गया है. इमिग्रेशन विभाग ने स्पष्ट किया कि वह नए Interest to Sponsor Forms नहीं लेगा और संभावित स्पॉन्सर्स को आवेदन के लिए आमंत्रित भी नहीं करेगा. हालांकि, जिन लोगों ने पहले ही PGP के तहत आवेदन जमा कर दिया है, उनके मामलों पर कार्रवाई जारी रहेगी.

2026 में 15 हजार आवेदनों को मंजूरी देने का लक्ष्य

सरकार ने कहा है कि पहले से जमा PGP आवेदनों को प्रोसेस किया जाएगा. साल 2026 में करीब 15,000 लोगों को इस प्रोग्राम के जरिए कनाडा की परमानेंट रेजिडेंसी देने का लक्ष्य रखा गया है.

मौजूदा इमिग्रेशन प्लान के अनुसार

साल  PGP के तहत PR लक्ष्य
2026 15,000
2027 15,000
2028 15,000

50 हजार से ज्यादा आवेदन अभी भी लंबित

Advertisement

IRCC के मुताबिक PGP प्रोग्राम में अभी करीब 50,900 आवेदन प्रोसेसिंग के लिए लंबित हैं. इनमें 40,400 आवेदन क्यूबेक के बाहर बसने वाले लोगों के हैं और 10,500 आवेदन क्यूबेक में रहने की योजना वाले आवेदकों के हैं. सरकार का कहना है कि पुराने आवेदनों को निपटाने पर फोकस किया जाएगा.

क्यों रोका गया PGP प्रोग्राम?

Parents and Grandparents Program कनाडा का फैमिली रीयूनिफिकेशन प्रोग्राम है. इसके जरिए कनाडाई नागरिक और PR धारक अपने माता-पिता और दादा-दादी को कनाडा बुलाकर PR दिला सकते थे लेकिन इस प्रोग्राम में मांग हमेशा उपलब्ध सीटों से ज्यादा रही है. इसी वजह से सरकार ने इसे लॉटरी सिस्टम के जरिए चलाया था.

2020 में जब आखिरी बार नए लोगों से Interest to Sponsor Forms मांगे गए थे, तब सरकार को करीब 2,03,213 आवेदन मिले थे. इसके बाद हर साल उन्हीं लोगों में से रैंडम तरीके से चयन कर आवेदन जमा करने का मौका दिया जाता रहा.

PGP बंद होने के बाद Super Visa का विकल्प

सरकार ने नए आवेदकों को Parents and Grandparents Super Visa देखने की सलाह दी है. इसके जरिए माता-पिता और दादा-दादी कनाडा में लंबे समय तक रह सकते हैं.

Super Visa के तहत

  • माता-पिता और दादा-दादी एक बार में 5 साल तक कनाडा में रह सकते हैं.
  • वीजा की वैधता अधिकतम 10 साल तक हो सकती है.
  • आवेदक को हेल्थ इंश्योरेंस लेना जरूरी होता है.
  • कनाडा में रहने वाले रिश्तेदार को आर्थिक जिम्मेदारी उठानी होती है और न्यूनतम आय की शर्त पूरी करनी होती है.

भारतीय परिवारों पर सीधा असर

Advertisement

कनाडा में रहने वाले कई भारतीय परिवार लंबे समय से PGP के जरिए अपने माता-पिता को स्थायी रूप से बुलाने का इंतजार कर रहे थे. नए आवेदन बंद होने से उन परिवारों को अब Super Visa या दूसरे विकल्पों पर निर्भर रहना पड़ेगा.

कनाडा सरकार पिछले कुछ समय से इमिग्रेशन संख्या को नियंत्रित करने, हाउसिंग संकट और सार्वजनिक सेवाओं पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए कई बदलाव कर रही है। PGP पर रोक को भी इसी नीति का हिस्सा माना जा रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »