कनाडा के एडमॉन्टन स्थित नानकसर गुरुद्वारे में एक हमले की घटना सामने आई है. इसके चलते दो लोग घायल हो गए, जबकि हमलावर पुलिस की कस्टडी में है.
जानकारी के मुताबिक एडमॉन्टन शहर के उत्तर-पूर्वी इलाके में स्थित नानकसर गुरुद्वारे में शुक्रवार सुबह करीब 5 बजे प्रार्थना चल रही थी. इसी दौरान स्क्रूड्राइवर लेकर गए एक शख्स ने वहां पहुंचकर खलल डाला और हमला कर दिया.
पुलिस का कहना है कि एडमॉन्टन के नानकसर गुरुद्वारे में इस घटना से दो लोग घायल हो गए. पुलिस ने घटना के संभावित मकसद के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की है. एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, एडमॉन्टन पुलिस सर्विस (EPS) के एक्टिंग इंस्पेक्टर एरिक स्टीवर्ट ने कहा कि EPS की हेट क्राइम्स यूनिट मामले की जांच कर रही है.
इस बीच, कनाडा के टोरंटो शहर में अगस्त की शुरुआत में भारतीय मूल की महिला हिमांशी खुराना की हत्या के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया. महिला का पार्टनर और हत्या का आरोपी सात महीने से फरार था.
टोरंटो पुलिस ने हिमांशी की हत्या के मुख्य आरोपी और उनके पार्टनर 32 वर्षीय अब्दुल गफूरू को गिरफ्तार कर लिया है. यह गिरफ्तारी एक बड़े अंतरराष्ट्रीय अभियान के बाद हुई, जिसके तहत आरोपी को विदेश से वापस कनाडा लाया गया.
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, हिमांशी खुराना का शव पिछले साल 20 दिसंबर को टोरंटो के एक घर के अंदर से मिला था. पुलिस एक लापता महिला की शिकायत मिलने पर उस इलाके में जांच कर रही थी. शुरुआती जांच और रातभर चली छानबीन के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची कि हिमांशी की हत्या हुई है. यह मामला घरेलू हिंसा से जुड़ा हुआ है.
इस घटना के बाद से ही मृतका का पार्टनर अब्दुल गफूरू फरार था. मामले की गंभीरता को देखते हुए कनाडा पुलिस ने आरोपी की पहचान उजागर करते हुए उसके खिलाफ फर्स्ट-डिग्री मर्डर का देशव्यापी गिरफ्तारी वारंट जारी किया था.
aajtak.in