ब्राजील चुनाव को अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया संदिग्ध, वोटर फ्रॉड उजागर करने वालो को 10 लाख डॉलर का इनाम

ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में वामपंथी नेता लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा ने दक्षिणपंथी फ्लावियो बोल्सोनारो को भारी मतों से हराया. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव में धांधली के आरोप लगाए लेकिन कोई सबूत नहीं दिया.

Advertisement
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ब्राजील चुनाव में धांधली का कोई सबूत नहीं दिया है (Photo- Reuters) अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ब्राजील चुनाव में धांधली का कोई सबूत नहीं दिया है (Photo- Reuters)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 27 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:46 AM IST

ब्राजील में राष्ट्रपति चुनाव के नतीजों को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सवाल उठाए हैं. सोमवार को ट्रंप ने दावा किया कि ब्राजील का राष्ट्रपति चुनाव धांधली भरा लगता है. हालांकि, उन्होंने चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी होने का कोई सबूत पेश नहीं किया. ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में वामपंथी नेता लुइज इनासियो लूला डी सिल्वा ने दक्षिणपंथी उम्मीदवार फ्लावियो बोल्सोनारो को हरा दिया है.

Advertisement

वहीं, दूसरी ओर ट्रंप ने अमेरिका में चुनावी धांधली की जानकारी देने वालों के लिए 10 लाख डॉलर के इनाम का ऐलान भी किया है. उन्होंने कहा कि पिछले चुनावों या आने वाले मिडटर्म इलेक्शन में वोटर्स फ्रॉड की जानकारी देने वाले व्यक्ति को दोषियों की गिरफ्तारी और सजा होने के बाद यह रकम दी जाएगी.

ब्राजील के चुनाव पर ट्रंप ने क्या कहा?
सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में डोनाल्ड ट्रंप ने ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा, 'मैंने किसी का पक्ष नहीं लिया, लेकिन यह एक और धांधली वाला चुनाव लग रहा था. मुझे यह बहुत खराब लगा.' ट्रंप ने चुनाव के दौरान मतदान का समय दो घंटे बढ़ाए जाने पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि चुनाव और जिस तरह से वोटों की गिनती की गई, वह बहुत खराब था.' ट्रंप ने मतदान का समय बढ़ाए जाने को भी 'बहुत अजीब' बताया. हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ने चुनाव में धांधली के अपने आरोपों के समर्थन में कोई सबूत पेश नहीं किया.

Advertisement

अमेरिका में चुनावी धांधली बताने पर 10 लाख डॉलर का इनाम
ब्राजील के चुनाव पर टिप्पणी करने के अलावा ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक अलग पोस्ट में चुनावी धोखाधड़ी की जानकारी देने वालों के लिए बड़े इनाम की घोषणा की. ट्रंप ने लिखा, 'पिछले चुनावों या आगामी 2026 के मध्यावधि चुनाव में मतदाता धोखाधड़ी की जानकारी देने वाले किसी भी व्यक्ति को धोखाधड़ी करने वालों की गिरफ्तारी और दोषसिद्धि के बाद 10 लाख डॉलर दिए जाएंगे. 

हार स्वीकार करने को तैयार नहीं फ्लावियो बोल्सोनारो
ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जैर बोल्सोनारो के बेटे फ्लावियो बोल्सोनारो ने रविवार को हुए राष्ट्रपति चुनाव में अपनी हार स्वीकार करने से इनकार कर दिया है. उन्होंने कहा है कि वह लूला की जीत को रद्द कराने की मांग करेंगे. फ्लावियो ने ब्राजील के सुप्रीम कोर्ट की ओर से मतदान का समय दो घंटे बढ़ाने के फैसले पर सवाल उठाया है.

हालांकि, चुनावी रिकॉर्ड के विश्लेषण से पता चलता है कि अतिरिक्त दो घंटों में बहुत कम वोट पड़े थे. इंस्पर के प्रोफेसर पेड्रो बुर्गोस के विश्लेषण के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बढ़ाए गए दो घंटों के दौरान 35 हजार से भी कम वोट डाले गए थे. यह कुल मतदान का लगभग 0.03 प्रतिशत था. वहीं, राष्ट्रपति लूला ने फ्लावियो बोल्सोनारो को 40 लाख से अधिक वोटों के अंतर से हराया है.

Advertisement

ब्राजील के उपराष्ट्रपति ने ट्रंप के आरोपों को किया खारिज
ब्राजील के उपराष्ट्रपति गेराल्डो अल्कमिन ने देश की चुनाव प्रणाली का बचाव करते हुए ट्रंप के आरोपों को खारिज कर दिया है. रेडे वांगुआर्डा को दिए एक टेलीविजन इंटरव्यू में अल्कमिन ने ट्रंप की टिप्पणियों को पूरी तरह गलत और निराधार बताया. गौरतलब है कि ट्रंप और ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जैर बोल्सोनारो, दोनों ने ही अपनी पिछली चुनावी हार स्वीकार नहीं की थी. ट्रंप 2020 में अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव हार गए थे, जबकि जैर बोल्सोनारो को 2022 में लूला के हाथों हार का सामना करना पड़ा था.

जैर बोल्सोनारो को लूला से हारने के बाद तख्तापलट की साजिश रचने के मामले में 27 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी.

इस बीच फ्लावियो बोल्सोनारो ने सोमवार को कहा कि वह अपने पिता से मुलाकात के बाद अपने पासपोर्ट संघीय पुलिस को सौंपने के आदेश का पालन करेंगे. उनके पिता फिलहाल नजरबंद हैं. फ्लावियो ने ब्राजील से भागने की योजना होने से इनकार किया है.

लूला की जीत के बाद ब्राजील के बाजार में भारी गिरावट
लूला की चुनावी जीत पर दुनियाभर के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है. हालांकि, चुनाव परिणाम ने उन निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है, जो बोल्सोनारो की जीत की उम्मीद कर रहे थे. सोमवार को ब्राजील की मुद्रा रियल अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 8.1 प्रतिशत गिर गई. यह साल 2002 के बाद रियल में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट थी. वहीं, ब्राजील के शेयर बाजार में भी 2020 के बाद की सबसे बड़ी एकदिवसीय गिरावट दर्ज की गई.

Advertisement

पैंथियॉन मैक्रोइकोनॉमिक्स के मुख्य लैटिन अमेरिकी अर्थशास्त्री एंड्रेस अबादिया ने कहा कि शुरुआती बिकवाली में कुछ कमी आ सकती है, लेकिन निवेशक दोबारा निवेश बढ़ाने से पहले सरकार की ओर से वित्तीय अनुशासन के ठोस आश्वासन चाहेंगे.

सर्वेक्षणों को गलत साबित कर लूला ने दर्ज की जीत
ब्राजील के राष्ट्रपति चुनाव में लूला की जीत ने चुनावी सर्वेक्षणों और सत्ता विरोधी माहौल के अनुमानों को गलत साबित कर दिया. पहले दौर के मतदान में लूला अपने प्रतिद्वंद्वी फ्लावियो बोल्सोनारो से पीछे थे. हालांकि, दूसरे दौर में वह पर्याप्त समर्थन जुटाने में सफल रहे और चुनाव जीत लिया.

लूला की इस जीत ने लैटिन अमेरिका में दक्षिणपंथी दलों की हालिया चुनावी सफलताओं के सिलसिले को भी चुनौती दी है. चुनावी सर्वेक्षण करने वालों के मुताबिक, लूला की जीत के पीछे उम्मीद से अधिक मतदान और सोशल मीडिया पर उनके प्रचार अभियान में आया सुधार भी महत्वपूर्ण कारण रहे.

अपने चुनाव अभियान के दौरान लूला ने गरीबी और आर्थिक असमानता कम करने के अपने रिकॉर्ड को प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कम बेरोजगारी, निरक्षरता में कमी और वनों की कटाई रोकने से जुड़ी उपलब्धियों का भी जिक्र किया.

चौथी बार राष्ट्रपति बने लूला के सामने क्या चुनौतियां?
चुनाव जीतने के बावजूद लूला के सामने अपने चौथे राष्ट्रपति कार्यकाल में कई राजनीतिक चुनौतियां होंगी. आम चुनाव के पहले दौर में रूढ़िवादी उम्मीदवारों की सफलता के बाद ब्राजील की संसद में दक्षिणपंथी दलों का प्रभाव और मजबूत हुआ है. संसद में बोल्सोनारो समर्थकों की मौजूदगी लूला सरकार के लिए अपनी नीतियों और योजनाओं को आगे बढ़ाना मुश्किल बना सकती है. ऐसे में चुनावी जीत के बाद लूला के सामने एक बड़ी चुनौती संसद में समर्थन जुटाने और अपने राजनीतिक एजेंडे को लागू करने की होगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »