बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट में 635 करोड़ की फिजूलखर्ची? CM शुभेंदु अधिकारी ने दिए जांच के आदेश

पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार ने टीएमसी शासनकाल में आयोजित बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट के खर्चों की जांच का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को समिट के आयोजन के लिए 635 करोड़ रुपये दिए गए थे.

Advertisement
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि उनके पास खर्चों का पूरा ब्योरा मौजूद है. (File Photo- PTI) सीएम शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि उनके पास खर्चों का पूरा ब्योरा मौजूद है. (File Photo- PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 12 जून 2026,
  • अपडेटेड 7:25 PM IST

पश्चिम बंगाल की नवनिर्वाचित भाजपा सरकार ने तृणमूल कांग्रेस के पिछले शासनकाल के दौरान आयोजित हुए 'बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट' (BGBS) के भारी-भरकम खर्चों की जांच कराने का फैसला किया है. राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पिछली ममता सरकार पर गंभीर वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए कहा कि इस बिजनेस समिट को कराने के नाम पर एक सिंगल इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को ₹635 करोड़ का भुगतान किया गया था.

Advertisement

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक कोलकाता स्थित विश्व बंगाल कन्वेंशन सेंटर में केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में अधिकारी ने कहा कि टीएमसी सरकार के समय आयोजित इस निवेश सम्मेलन में वित्तीय अनियमितताओं की जांच की जाएगी. उन्होंने कहा, 'जांच होगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसे बख्शा नहीं जाएगा.'

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने दावा किया कि उनके पास खर्चों का पूरा ब्योरा मौजूद है. उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी शासन के दौरान बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट के आयोजन के नाम पर एक ही इवेंट मैनेजमेंट कंपनी को 635 करोड़ रुपये दिए गए. उन्होंने कहा, 'हम केवल जांच ही नहीं करेंगे, बल्कि मामले दर्ज भी किए जाएंगे. जरूरत पड़ी तो वित्तीय अनियमितताओं की जांच करने वाली एजेंसियों को भी यह मामला सौंपा जाएगा. किसी को नहीं छोड़ा जाएगा.'

Advertisement

मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के मामलों में पूर्व मंत्रियों और टीएमसी नेताओं पर हुई कार्रवाई का भी जिक्र किया. उन्होंने टीएमसी नेता जहांगीर खान का परोक्ष रूप से उल्लेख करते हुए कहा कि लोगों ने उनके हालात देख लिए हैं. जहांगीर खान को भाजपा सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार समेत अन्य मामलों में गिरफ्तार किया गया था.

2015 में शुरू हुई थी बिजनेस समिट

बता दें कि बंगाल ग्लोबल बिजनेस समिट की शुरुआत 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पहल पर हुई थी. इसका उद्देश्य राज्य में घरेलू और विदेशी निवेश आकर्षित करना था. समिट के विभिन्न संस्करणों में देश-विदेश के उद्योगपति, राजनयिक और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल शामिल होते रहे हैं. पूर्व टीएमसी सरकार का दावा रहा कि इस सम्मेलन के दौरान लाखों करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले, जिससे पश्चिम बंगाल निवेश के लिए एक आकर्षक गंतव्य के रूप में उभरा. जबकि भाजपा, लंबे समय से यह सवाल उठाती रही है कि सम्मेलन में घोषित निवेश समझौते और प्रस्ताव वास्तव में जमीन पर कितने लागू हुए.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »